अस्थाई भवनों में शुरू होगा संचालन, एक बीघा भूमि आवंटित करने के निर्देश
Deoli News 13 नवंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) प्रदेश में नवगठित ग्राम पंचायतों के संचालन के लिए ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज विभाग के शासन सचिव डॉ. जोगाराम ने निर्देश जारी किए हैं। आदेश के अनुसार प्रत्येक नवगठित ग्राम पंचायत के कार्यालय भवन के लिए न्यूनतम एक बीघा भूमि आवंटित की जाएगी।
भवन निर्माण होने तक स्वीकृत मुख्यालय पर अस्थाई भवन में कार्यालय संचालन शुरू करना होगा। इसके लिए खाली अथवा अनुपयोगी सरकारी भवनों को प्राथमिकता दी जाएगी। कार्यालय संचालन के लिए टेबल, कुर्सी, कंप्यूटर, प्रिंटर और रजिस्टर सहित आवश्यक संसाधन जुटाने के निर्देश भी दिए गए हैं। साथ ही अलग बैंक खाते, ई-पंचायत, ग्राम स्वराज एवं एसएनए पोर्टल पर मैपिंग तथा अन्य विभागीय व्यवस्थाएं करनी होंगी।
दूनी क्षेत्र की 10 पंचायतों में भूमि चिन्हांकन शुरू

दूनी क्षेत्र की 10 नवगठित ग्राम पंचायतों में भवन निर्माण के लिए भूमि चिन्हांकन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। पंचायत समिति देवली ने इसके लिए दो समितियों का गठन किया है। समितियां स्वीकृत मुख्यालयों पर भूमि की उपलब्धता एवं उपयुक्तता का निरीक्षण कर आवंटन संबंधी प्रस्ताव तैयार करेंगी।


