(ह्यूमन एंगल)
Deoli News 18 नवंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) क्षेत्र के बोयड़ा गणेश जी मंदिर के समीप बनास नदी में डूबने से जान गंवाने वाला 17 वर्षीय पीयूष मीणा तीन बहनों का इकलौता भाई था। उसकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। वहीं परिजन भी इस घटना से स्तब्ध है।
खुशहाल परिवार में हुए इस हादसे ने परिजनों को गहरे सदमे में डाल दिया। परिजनों के अनुसार पीयूष मूल रूप से सावंतगढ़ निवासी था और वर्तमान में परिवार के साथ कुचलवाड़ा रोड स्थित राजस्थान पब्लिक स्कूल के पीछे रहता था। वह कक्षा 11 में कृषि संकाय का विद्यार्थी था तथा किसान क्लासेज में पढ़ाई कर रहा था। उसके पिता चरण सिंह मीणा श्रीनगर में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) में तैनात हैं। बेटे की मौत की सूचना मिलने पर पिता ड्यूटी से छुट्टी लेकर देवली के लिए फ्लाइट से रवाना हुए।
मृतक के जीजा दौलतराम मीणा निवासी लुहारी के अनुसार परिवार में किसी तरह की कोई कमी नहीं थी। पीयूष की मौत की खबर से परिवार और परिचितों में शोक छा गया। वहीं सूचना मिलने पर कुचलवाड़ा रोड कॉलोनी के लोग भी अस्पताल के बाहर एकत्र हो गए। परिजन किशोर की मौत पैर फिसलकर नदी में गिरने से होने की आशंका जता रहे हैं। फिलहाल परिवार पिता के पहुंचने का इंतजार कर रहा है। पुलिस के अनुसार परिजनों की रिपोर्ट और पिता के आने के बाद पोस्टमार्टम सहित आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मौके और अस्पताल में उपनिरीक्षक महावीर प्रसाद, सहायक उप निरीक्षक सत्यनारायण चौधरी, बजरंग लाल, हेडकांस्टेबल अभिषेक और पुलिसकर्मी रामजीवन ने परिजनों से जानकारी ली।


