Deoli News 18 नवम्बर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर में सर्दी का असर अब धीरे-धीरे दिखाई देने लगा है। पिछले कुछ दिनों से सुबह और शाम के समय ठंड का एहसास हो रहा था, वहीं अब दिन में भी ठंडी हवाएं लोगों को सर्दी का अहसास कराने लगी हैं।
बुधवार सुबह चली ठंडी हवाओं ने मौसम में आए बदलाव का संकेत दिया। इसके चलते लोगों ने हल्के गर्म कपड़ों का उपयोग शुरू कर दिया है। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को देवली में न्यूनतम तापमान करीब 14 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान है। दिन में धूप खिलने के बावजूद सुबह और शाम के समय ठंड का असर अधिक महसूस हो रहा है। खासकर सुबह 9 से दोपहर 12 बजे तक खिलने वाली धूप लोगों को सुहाने लगी है। इधर, सर्दी की आहट के साथ ही शहर के गौरव पथ सहित मुख्य बाजार और अन्य बाजारों में गर्म कपड़ों का कारोबार भी शुरू हो गया है। व्यापारियों ने खुले स्थानों पर टेंट लगाकर ऊनी कपड़ों की दुकानें सजाई हैं।

यहां स्वेटर, जैकेट, गर्म शॉल सहित सर्दियों में उपयोग होने वाले कपड़ों की नई वैरायटी उपलब्ध कराई गई है। तापमान में गिरावट और ठंडी हवाओं के चलते आने वाले दिनों में सर्दी का असर और बढ़ने की संभावना है।


