Deoli News 5 जून (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) विश्व पर्यावरण पर शहर में शुक्रवार को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए विभिन्न आयोजन किए गए। इस दौरान भारत गैस एजेंसी (मोहन गैस डिस्ट्रीब्यूटर) की ओर से शहर के अटल उद्यान में विशेष पौधारोपण कार्यक्रम हुआ।
मोहन गैस एजेंसी के प्रबंधक पंकज शर्मा व नीरज शर्मा के मार्गदर्शन में एजेंसी के कर्मचारियों और डिलीवरी मैन ने भागीदारी निभाते हुए उद्यान में अलग-अलग किस्म के 11 पौधे लगाए। इस दौरान सभी ने पौधारोपण किया औऱ इन पौधों की नियमित देखभाल करने और उन्हें संरक्षित रखने का संकल्प भी लिया। इसी तरह राजकीय महाविद्यालय देवली में भी कार्यक्रम आयोजित हुआ, प्राचार्य डॉ. पूरणमल वर्मा के निर्देशन में ‘स्वीप गतिविधि – एक पेड़ लोकतंत्र के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण किया गया। महाविद्यालय परिसर में रोपित किए गए पौधों को ‘लोकतंत्र का पेड़-ट्री ऑफ डेमोक्रेसी 2026’ का नाम दिया गया।
संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम (यूएनईपी) द्वारा निर्धारित वैश्विक विषय ‘इंस्पायर्ड बाय नेचर: फॉर क्लाइमेट: फॉर आवर फ्यूचर’ के अनुरूप आयोजित इस कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण के साथ लोकतांत्रिक मूल्यों और मतदाता जागरूकता का संदेश भी दिया गया। यहां संकाय सदस्य डॉ. राजेंद्र प्रसाद, सत्यनारायण मीणा, विजय कुमार मीणा, रामलाल मीणा, लालाराम भील, अनीस अब्बासी, चांद सिंह, भीमराज गुर्जर, राजेश कुमार, बृजेश कुमार एवं विद्यार्थी कौशल कुमार, धनराज और पूजा कुमारी उपस्थित थे।




