“पंचकल्याणक महोत्सव की धूम”
Deoli News 4 फरवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर में आयोजित होने वाले पंचकल्याणक महामहोत्सव को लेकर जैन समाज में उत्साह बना हुआ है। कार्यक्रम संयोजक पंकज जैन सर्राफ, अध्यक्ष विनोद जैन और लकी जैन सर्राफ ने बताया कि महोत्सव को भव्यता देने के लिए दिल्ली से कलाकार बुलाए गए हैं।
जो कार्यक्रम स्थल पर समोशरण, बाहुबली और भगवान के सभी कल्याणकों की सजीव झांकियां तैयार करने में जुटे हुए हैं। कार्यक्रम में 5 फरवरी को भगवान आदिनाथ मंदिर से प्रस्थान कर चंद्रप्रभु मंदिर पहुंचेंगे। जबकि 6 फरवरी को भव्य घट यात्रा निकाली जाएगी, जो शहर के चंद्रप्रभु मंदिर से रथ, बैंड-बाजे और मंगल कलशों के साथ रवाना होकर गुरुद्वारा रोड, गौरव पथ और ज्योति कॉलोनी मार्ग होते हुए महोत्सव स्थल पर पहुंचेगी।
महोत्सव का विशेष आकर्षण 8 फरवरी को जन्म कल्याणक की झांकी रहेगी, जिसे पांडुकशिला पर प्रदर्शित किया जाएगा। आयोजन की गरिमा को देखते हुए प्रतिमाओं पर प्रशस्ति उत्कीर्ण करने के लिए मध्यप्रदेश से विशेषज्ञ बुलाए गए हैं, जो अत्यंत बारीकी से काम कर रहे हैं। वर्तमान में कार्यक्रम स्थल पर विशाल डोम बनाने और साफ-सफाई का कार्य अंतिम चरण में है, वहीं पूरे शहर को आकर्षक रोशनी और सजावट से सजाया जा रहा है।



