Deoli News 14 जनवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) टोंक जिला कलक्टर के अवैध खनन अभियान को लेकर रविवार को उपखंड स्तर पर विशेष निरीक्षण दल (एसआईटी) का गठन किया गया। इसे लेकर उपखंड अधिकारी दुर्गा प्रसाद मीणा की मौजूदगी में यहां कार्यालय में बैठक हुई।
इसमें अवैध खनन, निर्गमन, भंडारण के विरुद्ध प्रभावी रोकथाम के निर्देश दिए गए। विशेष रूप से बजरी खनिज को लेकर कहा गया। बैठक में अवैध खनन व भंडारण के विरुद्ध संयुक्त रूप से कार्रवाई के लिए राजस्व, पुलिस, वन, परिवहन व खनन विभाग की संयुक्त टीम गठित की गई, जो आगामी 15 से 31 जनवरी तक सघन जांच अभियान चलाएगी। टीम सदस्यों के साथ आयोजित बैठक में पुलिस उपाधीक्षक सुरेश कुमार, देवली थाना प्रभारी भंवरलाल, नासिरदा थाना प्रभारी हरिमन, नायब तहसीलदार शकतान सिंह समेत अधिकारी मौजूद रहे।
जिनके साथ उपखंड अधिकारी दुर्गा प्रसाद की अवैध खनन, परिवहन व भंडारण को लेकर विस्तार से चर्चा हुई तथा कार्य योजना तैयार की गई। जांच अभियान अवधि के दौरान विशेष निगरानी दल के सभी सदस्यों का एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाया गया। जिसमें अवैध खनन, परिवहन व भंडारण से संबंधित सूचनाए साझा की जाएगी। वही 15 जनवरी से कंट्रोल रूम स्थापित किया जा रहा है। जिसके नंबर 01434-294091 होंगे।



