बच्चों के साथ थाने पहुंची मृतक की पत्नी
Deoli News 6 अक्टूबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) घाड़ थाना क्षेत्र के धुआं खुर्द गांव में आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में 9 दिन बाद भी कार्रवाई नहीं होने पर मृतक की पत्नी अपने मासूम बच्चों के साथ घाड़ थाने पहुंची।
उसने नामजद लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। हालांकि थाना प्रभारी के मौजूद नहीं होने पर वह वापस लौट गई। जानकारी के अनुसार धुआं खुर्द निवासी भरतरी नाथ पुत्र भंवरलाल नाथ ने 28 सितंबर को धुआं कलां स्थित गंगेश्वर महादेव के जंगल में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। पुलिस को मिले सुसाइड नोट में मृतक ने गांव के 8-10 लोगों पर लगातार परेशान करने और आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप लगाए थे। मृतक ने पत्नी निर्मला और बच्चों प्रिया (9) व धर्मेश (7) का भी उल्लेख किया था।
मृतक की पत्नी निर्मला का कहना है कि घटना के नौ दिन बाद भी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई है। इसी को लेकर वह बच्चों के साथ थाने पहुंची थी। इस बारे में थाना प्रभारी हरिराम वर्मा का कहना है कि मामला मर्ग में दर्ज है। मौके का नक्शा बनाने के साथ संबंधित लोगों के बयान लिए गए हैं। जांच जारी है और दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।



