Deoli News 21 अगस्त (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) सुप्रीम कोर्ट के आरक्षण वर्गीकरण फैसले के विरोध में बुधवार सुबह देवली में बंद का असर सुबह से ही देखने को मिला। शहर में सुबह से ही बाजार बंद रहे।
इससे पहले शहर के मीणा समाज सामुदायिक धर्मशाला बाबा मंडी में सभी लोग एकत्र हुए। रैली शहर के बाबा मंडी से शुरू हुई जो गणेश रोड, कीर मोहल्ला, अंबेडकर सर्कल, नेहरू मार्केट, ममता सर्कल, छतरी चौराहा, मुख्य बाजार, पुलिस थाना, बस स्टैंड, पेट्रोल पंप रोड, सीआईएसएफ लिंक रोड से होकर पैट्रोल पंप सर्कल पहुंचेगी। जहां अनुसूचित जाति एवं जनजाति के लोगों विरोध प्रदर्शन करेंगे। वही वर्गीकरण के विरोध में ज्ञापन दिया जाएगा।
शहर में कई जगह जाप्ता तैनात
अनुसूचित जाति-जनजाति के आरक्षण में क्रीमीलेयर पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले के विरोध में बुधवार को भारत बंद के तहत देवली शहर में जगह जगह पर पुलिस जाप्ता तैनात किया गया। वहीं शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त जाप्ता भी शहर में तैनात किया गया। वहीं देवली पुलिस उपाधीक्षक रामसिंह जाट, उपखण्ड अधिकारी दुर्गा प्रसाद मीणा, थानाधिकारी राजकुमार नायक, अधिशासी अधिकारी पवन कुमार शर्मा एवं तहसीलदार वीरेंद्र सिंह शक्तावत शहर में लगातार गश्त करते रहे।
पुलिस उप अधीक्षक रामसिंह व थाना प्रभारी राजकुमार नायक ने बताया कि शहर के गणेश रोड ममता सर्कल समेत प्रमुख चौराहा, बस स्टैंड परिसर में पुलिस जाप्ता तैनात किया गया है। वही किसी तरह की बात होने पर आमजन थाने में संपर्क कर सकता है। इसी तरह समीप के हनुमान नगर थाने का भी स्टाफ देवली में लगाया गया है। वही किशनगढ़ पुलिस ट्रेनिंग सेंटर से 20 प्रशिक्षु सब इंस्पेक्टर देवली आए हैं। इसी तरह देवली बस स्टैंड पर भी बस सेवा प्रभावित हुई है। देवली बुकिंग के अनुसार सुबह 9 तक रोडवेज बसें आई। इसके बाद बसों की आवाजाही ही बंद है। पुलिस उपाधीक्षक में बताया कि किसी भी तरह की मेडिकल इमरजेंसी होने पर आमजन पुलिस व प्रशासन से संपर्क कर सकता है। आमजन की मदद की जाएगी।



