Sunday, April 26, 2026
No menu items!
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
HomeDainik Bureau Deskआसमान से बरसी 41 डिग्री की आग, 43 डिग्री के 'टॉर्चर' के...

आसमान से बरसी 41 डिग्री की आग, 43 डिग्री के ‘टॉर्चर’ के लिए रहें तैयार

“वेदर न्यूज़”


Deoli News 26 अप्रैल (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) क्षेत्र में रविवार को भीषण गर्मी का प्रचंड प्रहार जारी रहा, जिसके चलते जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया। सूरज की तीखी तपिश और लू के थपेड़ों ने शहर की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है। लिहाजा लोग भीषण गर्मी से बेहाल हो गए।

स्थिति यह रही कि दोपहर होते-होते शहर के मुख्य चौराहों और बाजारों में पूरी तरह सन्नाटा पसर गया। लोग घरों में कैद होने को मजबूर हो गए और बिना एसी या कूलर के चैन मिलना मुहाल हो गया है। गर्मी का आलम यह है कि घर, दुकानें और लोहे से बनी केबिनें भट्टी की तरह तप रही हैं। छतों पर रखी पानी की टंकियों का पानी खौलने लगा है। दुपहिया वाहन चालकों के लिए तो सड़क पर निकलना किसी चुनौती से कम नहीं है। यदि बाइक कुछ मिनट भी धूप में खड़ी रह जाए, तो उस पर बैठना तब तक संभव नहीं होता, जब तक कि उस पर पानी न डाला जाए। रविवार दोपहर एक बजे ही पारा 41 डिग्री सेल्सियस को छू गया, जबकि आज अधिकतम तापमान 42 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है।

सोमवार का दिन रहेगा चुनौतीपूर्ण

मौसम विभाग के पूर्वानुमान ने चिंता और बढ़ा दी है, जिसके अनुसार 27 अप्रैल को इस महीने का सर्वोच्च तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

यदि पारा इस स्तर तक गया, तो लू के थपेड़े लोगों को झुलसा देंगे। इस भीषण गर्मी के कारण इलेक्ट्रॉनिक बाजार में कूलर और एसी की मांग में भारी उछाल आया है। पिछले वर्ष भी इसी तरह की स्थिति के कारण स्टॉक खत्म होने की नौबत आ गई थी और इस बार भी वही संकेत मिल रहे हैं। शारीरिक रूप से भी लोग बेहाल हैं। हर थोड़ी देर में गला सूखने और शरीर से पसीना बहने के कारण लोग बार-बार पानी पीने को मजबूर हैं।

डॉक्टरों ने भी इस जानलेवा गर्मी को देखते हुए लोगों को अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने और तरल पदार्थों का सेवन जारी रखने की सलाह दी है। फिलहाल देवलीवासियों को इस ‘अग्निकुंड’ जैसी गर्मी से राहत मिलने के कोई आसार नहीं हैं। 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

%d