Deoli News 9 दिसंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) टोंक-सवाई माधोपुर सांसद हरीश चन्द्र मीना ने रसायन एवं उर्वरक मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात कर उर्वरक वितरण में अनियमितताओं की शिकायत की है।
सांसद ने कहा कि राजस्थान सरकार की लापरवाही और प्रशासनिक उदासीनता के कारण किसानों को उनकी जरूरत के अनुरूप उर्वरक उपलब्ध नहीं हो रहा है। सांसद ने कहा कि केन्द्र सरकार ने टोंक और सवाई माधोपुर जिले सहित राजस्थान को पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध कराया है, लेकिन राज्य सरकार के पास इसकी मॉनिटरिंग और वितरण पर नियंत्रण नहीं है। उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारियों की ढिलाई और मिलीभगत से किसानों को कृत्रिम संकट झेलना पड़ रहा है। किसान खाद के लिए धक्के खा रहे हैं और कालाबाजारी का माहौल बन रहा है। जबकि विभागीय अधिकारी जिम्मेदारी से बच रहे हैं। सांसद ने मंत्री से मांग की है कि टोंक-सवाई माधोपुर जिले में उर्वरक वितरण की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए, राजस्थान सरकार से जवाब तलब किया जाए और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।
उन्होंने कहा कि यदि केन्द्र सरकार हस्तक्षेप नहीं करती है तो राजस्थान सरकार की उदासीनता के कारण किसान और अधिक परेशान होंगे।


