फर्जी मुख्तारनामा बनाकर की थी रजिस्ट्री
Deoli News 24 अप्रैल (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) प्रवासी भारतीय (NRI) परिवार की कीमती जमीन को फर्जी दस्तावेजों के जरिए हड़पने वाले भू-माफिया गिरोह का खुलासा हुआ है। पुलिस अधीक्षक टोंक के निर्देशन में देवली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इस साजिश के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
थाना प्रभारी दौलतराम गुर्जर के अनुसार यह मामला ग्राम खेड़ागांवाड़ी, तहसील देवली स्थित कृषि भूमि से जुड़ा है। यह जमीन राजस्व रिकॉर्ड में उन मूल खातेदारों के नाम दर्ज थी, जो वर्षों पहले अमेरिका जाकर बस गए थे। भू-माफिया गिरोह ने इस खाली जमीन पर पहले अवैध कब्जा किया और फिर मालिकाना हक हासिल करने के लिए फर्जी व कूटरचित मुख्तारनामा तैयार करवाया। आरोपियों ने कथित जगदीश प्रसाद शर्मा के नाम पर एक फर्जी इकरारनामा बनाया और असली व्यक्ति के स्थान पर अपने साथी देवलाल मीणा को खड़ा कर फर्जी शिनाख्त करवाई।
इस पूरी साजिश के तहत दस्तावेजों में हेरफेर कर जमीन की रजिस्ट्री करवाई गई और राजस्व रिकॉर्ड में नामान्तरण भी करवा लिया गया। पुलिस ने इस मामले में जालसाजी करने वाले आरोपी मनीष चौधरी पुत्र भंवरलाल को गिरफ्तार किया है, जो कासीर थाना देवली का निवासी है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी मनीष का पुराना आपराधिक इतिहास भी रहा है, जिस पर पूर्व में हिण्डोली और देवली थानों में एससी,एसटी एक्ट व अन्य गंभीर धाराओं में मामले दर्ज हैं।
दो अभियुक्त हो चुके हैं गिरफ्तार
इस गिरोह के विरुद्ध कार्रवाई के दौरान पुलिस पूर्व में भी दो अभियुक़्तों को गिरफ्तार कर चुकी है। इनमें पहला आरोपी गजेन्द्र वर्मा उर्फ टींकू पुत्र फूलचन्द वर्मा निवासी बोटुन्दा, टोडारायसिंह का रहने वाला है। दूसरा आरोपी देवलाल मीणा पुत्र गोकुल राम मीणा है और वह ढाणी कल्याणसिंहपुरा, बोटुन्दा का निवासी है।




