Jahazpur News 28 जनवरी (मोहम्मद आज़ाद नेब) कल्याणम संस्थान की ओर से राजकीय महात्मा गांधी इंग्लिश मीडियम कन्या विद्यालय में बुधवार को 26 प्रतिभावान छात्राओं को टेबलेट वितरित किए गए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उपखंड अधिकारी राजकेश मीणा थे।
जबकि विशिष्ट अतिथि थानाधिकारी राजकुमार नायक एवं ब्लॉक शिक्षा अधिकारी शिखा राणावत उपस्थित रहे। उपखंड अधिकारी राजकेश मीणा ने छात्राओं से डिजिटल संसाधनों का सकारात्मक उपयोग करने करने की बात कही। संस्थान के सचिव एवं वरिष्ठ पत्रकार प्रमोद तिवारी ने बताया कि कोरोना काल के दौरान कई छात्राओं के पास मोबाइल या डिजिटल संसाधन नहीं होने के कारण ऑनलाइन पढ़ाई में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा था। इसे देखते हुए प्रतिभावान छात्राओं को टेबलेट उपलब्ध कराने की पहल की गई। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य पीयूष नागौरी, सांसद प्रतिनिधि धनश्याम नागौरी, व्यापारी मुकेश नागौरी एवं ओम डाणी सहित अन्य मौजूद रहे।
दरअसल जहाजपुर के प्रथम डॉक्टर डॉ. कल्याण लाल शर्मा के नाम पर गठित कल्याणम संस्थान अब तक भीलवाड़ा जिले के विभिन्न विद्यालयों में 200 से अधिक प्रतिभावान विद्यार्थियों को टेबलेट वितरित कर चुका है। इसके साथ ही संस्थान द्वारा महात्मा गांधी अस्पताल में 50 से अधिक ऑयल हीटर उपलब्ध कराए गए, कोरोना काल में मास्क व सैनिटाइज़र वितरण किया गया तथा कंबल बैंक की स्थापना सहित कई जनहितकारी कार्य किए गए हैं।



