घायलों को किया रेफर, कार ने मारी बाइक को टक्कर
Deoli News 28 मई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर के राष्ट्रीय राजमार्ग जयपुर पर दौलता मोड़ के समीप मंगलवार रात एक कार की टक्कर से बाइक सवार एक बुजुर्ग की मौत हो गई।
जबकि एक अन्य महिला व पुरुष घायल हो गए। सूचना पर देवली थाना पुलिस व एंबुलेंस 108 मौके पर पहुंची तथा घायलों को देवली चिकित्सालय लेकर आई। हेड कांस्टेबल रामेश्वर ने बताया कि यह हादसा आल्टो कार की टक्कर से हुआ। दौलता मोड़ के समीप यह हादसा पेश आया। हादसे में मृतक यादराम (65) पुत्र छोगालाल मीणा निवासी ठगरिया कॉलोनी इंद्रपुरा है। जबकि यादराम के दामाद शिवराज पुत्र रामनाथ मीणा व दुर्गा देवी पत्नी शिवराज मीणा निवासी रूपारेल गंभीर घायल हो गए। घायलों का चिकित्सक डॉ. जगनलाल ने प्राथमिक उपचार किया।
इस दौरान सहायक उपनिरीक्षक करण सिंह, हेडकांस्टेबल रामेश्वर, पुलिसकर्मी नरेंद्र सिंह ने घायलों से घटना की जानकारी ली। डॉ. जगनलाल का कहना है कि दोनों घायल के पैर व हिप्स बुरी तरह जख्मी हुए हैं। जिन्हें अन्यत्र रेफर किया जा रहा है। परिजन घायलों को कोटा मेडिकल कॉलेज ले गए। उधर, हादसा स्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। वही मौके पर कार है। घायल शिवराज ने बताया कि वह चारनेट गांव में किसी कार्यक्रम में गए थे तथा मंगलवार रात वापस बाइक से लौट रहे थे। इस बीच उन्हें कार ने टक्कर मार दी। मृतक के शव को मोर्चरी में रख दिया है। बुधवार सुबह पोस्टमार्टम होगा।



