सीआईएसएफ कैंटीन में बुधवार सुबह की घटना
Deoli News 29 मई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर स्थित सीआईएसएफ आरटीसी की कैंटीन में आटा गुथने के दौरान एक प्राइवेट कर्मचारी का हाथ मशीन में आ गया। इससे कर्मचारी का हाथ कोहनी से उखड़ गया।
घटना से सीआईएसएफ के अधिकारी व कर्मचारी हतप्रभ रह गए। घायल युवक को तत्काल देवली चिकित्सालय उपचार के लिए लाया गया। जहां से युवक को प्राथमिक उपचार दिया जाकर रेफर कर दिया गया। देवली थाने के हेडकांस्टेबल संदीप यादव ने बताया कि घायल युवक 22 वर्षीय शिवम पुत्र अशोक रेगर निवासी कुचलवाड़ा रोड देवली है। जानकारी के अनुसार यह युवक सीआईएसएफ स्थित कैंटीन में रोटी बनाने का काम करता है। बुधवार सुबह वह आटा गुथने की मशीन पर काम कर रहा था। इस दौरान उसका हाथ मशीन में आ गया। जिससे झटके से उसका हाथ कोहनी से उखड़ गया। इस दौरान युवक का हाथ केवल चमड़ी से चिपका रहा। जबकि समूचा हाथ उखड़ चुका था। इसे देख सीआईएसएफ के अधिकारी व कर्मचारी तत्काल शिवम को देवली चिकित्सालय लेकर आए। जहां चिकित्सक डॉ. चैतन्य प्रकाश मीणा ने उखड़े हुए हाथ की जगह प्राथमिक उपचार किया तथा युवक को तत्काल हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया।
उक्त घटनाक्रम से सीआईएसएफ कर्मचारी व अधिकारियों में खलबली मच गई। यह लोग तत्काल देवली चिकित्सालय पहुंचे तथा हालात देखें। बताया गया कि यह घटना सुबह 9 बजे करीब की है। घायल युवक किसी प्राइवेट ठेकेदार के अधीन काम करता है।


