आबादी रूपांतरण व विद्युत कनेक्शन दिए जाने की मांग, प्रशासन ने की समझाईश
Deoli News 26 अप्रैल (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) लोक सभा चुनाव के तहत क्षेत्र की बीसलपुर के मतदाता बूथ संख्या 25 के मतदाताओं ने शुक्रवार को मतदान का बहिष्कार कर दिया।
इस दौरान दोपहर 12 बजे तक केवल एक मत कास्ट हुआ। जानकारी के अनुसार यहां बूथ संख्या 25 से जुड़े ग्रामीणों ने मतदान का बहिष्कार किया है। यह भाग राजमहल पंचायत का वार्ड नं एक है। दरअसल इन लोगों की मांग है कि जहां वे लोग रह रहे हैं, वहां की बस्ती को आबादी में रूपांतरित किया जाए। इसके अलावा यहां के लोगों की मुख्य समस्या बिजली के कनेक्शन नहीं मिलने की है। बिजली का कनेक्शन नहीं होने से ग्रामीण परेशान है। इसे लेकर उन्होंने मतदान का बहिष्कार कर दिया। कोई भी मतदाता बूथ पर मतदान के लिए नहीं पहुंचा। केवल एक कर्मचारी ने यहां मतदान किया। जानकारी के अनुसार यहां करीब पौने तीन सौ मतदाता है।
इनमें से केवल एक मतदाता ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उधर, जानकारी के अनुसार प्रशासन पूर्व में भी उक्त बस्ती का प्रस्ताव भेज चुकी है। सूचना पर देवली उपखंड अधिकारी दुर्गा प्रसाद, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, विद्युत निगम के सहायक अभियंता डीके जैन समेत अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा ग्रामीणों से समझाईश की। लेकिन ग्रामीण मौके पर ही बिजली के कनेक्शन किए जाने सहित की मांग करने लगे, जो कि वाजिब नहीं थी। समझाईश से नहीं मानने पर अधिकारी पुन लौट गए। लेकिन उम्मीद है कि प्रशासन की समझाईश पर मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
इधर, देवली उपखंड के 164 मतदान केंद्रों पर सुबह 11 बजे तक 23 प्रतिशत मतदान हुआ है। एक लाख 67 हजार 661 में से 38 हजार 841 मतदाताओं ने मताधिकार का सुबह 11 बजे तक प्रयोग किया।


