बसंत पंचमी पर विशेष उत्सव
Deoli News 19 जनवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) श्री श्याम मंदिर सिरोही धाम देवली में बसंत पंचमी पर्व 23 जनवरी को धार्मिक आस्था एवं श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा। इस मौके पर बाबा श्याम का विशेष पीतांबर (अंग वस्त्र) श्रृंगार किया जाएगा।
जो केसर एवं चंदन से पूर्ण रूप से मिश्रित होगा। मंदिर प्रबंधन समिति के अनुसार बसंत पंचमी श्याम भक्तों के लिए महत्वपूर्ण पर्व है। मान्यता है कि इस दिन बाबा श्याम को धारण कराया गया पीतांबर पूरे वर्ष उनके अंग से लिपटा रहता है। प्रत्येक वर्ष की परंपरा के अनुसार नया पीतांबर धारण कराया जाता है तथा पूर्व वर्ष का पीतांबर सभी श्याम प्रेमियों एवं जरूरतमंद श्रद्धालुओं में वितरित किया जाता है।
धार्मिक आस्था के अनुसार इससे किसी भी प्रकार की शारीरिक पीड़ा, बीमारी अथवा मानसिक कष्ट से ग्रसित व्यक्ति यदि श्रद्धा भाव से इस पीतांबर को धारण करता है तो उसे निश्चित रूप से लाभ प्राप्त होता है। बसंत पंचमी के दिन श्रृंगार आरती के बाद यह पीतांबर श्रद्धालुओं को निःशुल्क वितरित किया जाएगा।



