रोड जामकर किया प्रदर्शन, परेशान हुए श्रद्धालु
Deoli News 11 जनवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) हनुमान नगर थाना क्षेत्र के कुंचलवाड़ा रोड स्थित जैन कॉलोनी के निवासियों का सब्र का बांध टूट गया, आखिर आक्रोशित कालोनीवासियों ने गंदे पानी की समस्या से निजात दिलवाने के लिए कुंचलवाड़ा रोड को जाम कर दिया। कॉलोनीवासियों ने बताया कि गत कई वर्षों से जैन कॉलोनी में करीब 100 परिवार रहते हैं।
लेकिन सुविधाओं के नाम पर ना तो रोड है, ना ही नाली है। उल्टे गंदे पानी के भरने से मौसमजनित बीमारियां फैलने का अंदेशा बना हुआ है, वहीं मकानों की नींव में पानी जा रहा है। इसी के साथ खाली भूखंडों में गंदा पानी भरने से बच्चों के भी डूबने का अंदेशा बना हुआ है। श्री हनुमान मंदिर पारमार्थिक ट्रस्ट के सदस्यों ने बताया कि जैन कॉलोनी रकबा संख्या 364, 365 पर आवासीय मकान निर्मित है। इन मकानों का गन्दा पानी कई वर्षों से कॉलोनी के पूर्व दिशा में रिकॉर्ड नाले की और बह रहा है। जिसका प्राकृतिक स्वरूप भी उसी दिशा की और है जो ग्राम पंचायत कुचलवाड़ा कलां के रिकॉर्ड में अंकित भी है। इसी के समीप भू-माफियाओं द्वारा बिना आवासीय रूपांतरित के प्लाट काटे जा रहे है। जिस वजह से कॉलोनी के गंदे पानी की निकासी अवरुद्ध हो गई है।कॉलोनीवासियों ने गुरुवार को अमावस्या के दिन माता जी के मंदिर जाने वाले मार्ग को जाम कर दिया। सूचना मिलने पर कुंचलवाड़ा सरपंच छोटू लाल बलाई मौके पर पहुंचे। जिनको ग्रामीणों ने खरी खोटी सुनाई।
वहीं सचिव ने मौके पर आकर कॉलोनीवासियों से एक माह मे समस्या का समाधान करने का आश्वासन देकर रोड जाम खुलवाया। ज्ञापन सौंपने में मनोज सैनी, सीता देवी, लाड़ देवी, दुर्गा देवी, एकता, इंदिरा देवी, कैलाश, ओमप्रकाश, भूमिका, प्रतिभा, मनीषा, ममता, सुनील, अनिल, अश्विनी चौधरी, गायत्री, जितेंद्र, मोनिका, दीपक राव, प्रमोद शर्मा, मनीष, अशोक जैन सहित कई जने थे।


