Deoli News 9 फरवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) फुलेता में सोमवार को ग्राम उत्थान शिविर आयोजन किया गया। जिसमें देवली-उनियारा विधायक राजेंद्र गुर्जर ने भी शिरकत की। इस दौरान विधायक ने जनसुनवाई करते हुए ग्रामीणों की समस्याएं सुनी।

फुलेता, बालापुरा व भोजपुरा गांव के ग्रामीणों ने विधायक को बीसलपुर का पानी नहीं आने सहित अन्य समस्याओं की शिकायत की, जिस पर विधायक गुर्जर ने मौके पर बीसलपुर पेयजल परियोजना के सहायक अभियंता अंकुर सैनी से जवाब तलब कर तीन दिन में समस्या का निस्तारण करने के निर्देश दिए। वहीं ग्रामीणों ने फुलेता ग्राम पंचायत मुख्यालय पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के लिए पहले आवंटन हुई जगह पर ही बिल्डिंग बनवाने, खाद्य सुरक्षा योजना में नाम जुड़वाने, बीसलपुर नहर की सफ़ाई व मरम्मत नहीं होने से नहर का पानी खेतों में भरने, हटवाने,पेयजल, बिजली, राजस्व, अतिक्रमण, चिकित्सा सहित अन्य विभागों से संबंधित समस्याएं बताई।
विधायक राजेंद्र गुर्जर ने ग्रामीणों को राज्य व केंद्र सरकार की विभिन्न सरकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान विधायक व एसडीओं पूजा मीना ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को फार्म पौंड, मंगला पशु बीमा राशि के चैक वितरित किए एवं मृदा परीक्षण कार्ड सहित अन्य विभागों के लाभार्थियों को कार्ड वितरित किए गए। इस अवसर पर उपखंड अधिकारी देवली, तहसीलदार पूजा मीणा, बीडीओ शंकर सिंह, ककोड़ मंडल अध्यक्ष महावीर गुर्जर, ग्राम पंचायत प्रशासक सरिता मीणा, वीडीओ सीताराम चौधरी सहित अन्य कर्मचारी मौजूद थे।



