देवली-उनियारा विधानसभा क्षेत्र में 13 नवंबर को होगा मतदान, 23 नवंबर को होगी मतगणना
Desk News 15 अक्टूबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मंगलवार, को देवली-उनियारा विधानसभा उपचुनाव-2024 की घोषणा कर दी गई है। चुनाव कार्यक्रम के अनुसार देवली-उनियारा विधानसभा क्षेत्र में 13 नवंबर 2024 को मतदान होगा। जबकि मतगणना 23 नवंबर को होगी।
उपचुनाव घोषणा के साथ ही जिले में आदर्श आचार संहिता भी तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) डॉ. सौम्या झा ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया के तहत देवली-उनियारा विधानसभा क्षेत्र में 18 अक्टूबर को अधिसूचना जारी होने के साथ ही नामांकन दाखिल करने का काम शुरू हो जाएगा। जबकि 25 अक्टूबर तक नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे। वहीं 28 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी तथा 30 अक्टूबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। इसी तरह 13 नवंबर को मतदान होगा तथा 23 नवंबर को मतगणना होगी। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि चुनाव के दौरान किसी भी प्रकाशन सामग्री यथा पोस्टर, पंपलेट आदि पर प्रकाशक और मुद्रक का नाम आवश्यक रूप से प्रकाशित करना होगा। ऐसा नहीं करने वाले प्रिंटिंग प्रेस मालिकों पर लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 की धारा 127 (क) के तहत कार्रवाई की जाएगी। आदर्श आचार संहिता की पालना के निर्देश विधानसभा उपचुनाव 2024 (देवली-उनियारा) के तहत आदर्श आचार संहिता की अक्षरशः पालना के लिए मंगलवार को जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) डॉ. सौम्या झा ने सभी प्रकोष्ठ प्रभारी एवं सह प्रभारियों की बैठक ली।
बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने आदर्श आचार संहिता की प्रभावी पालना 24-48-72 घंटे की समय सीमा में की जाने वाली कार्रवाई, प्रशिक्षण, कानून-व्यवस्था, परिवहन, लेखा संबंधी कार्य, वाहन अधिग्रहण समेत सभी प्रकोष्ठों के कार्यों और दायित्वों के बारे में विस्तार से चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं भयमुक्त निर्वाचन के लिए चुनाव आयोग के निर्देशों की अक्षरशः पालना के लिए पाबंद किया।
आदर्श आचार संहिता के लिए जिला नियंत्रण कक्ष स्थापित
विधानसभा उपचुनाव के तहत आदर्श आचार संहिता के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष की स्थापना जिला परिषद के पुराने भवन कलेक्ट्रेट के पीछे की गई है। नियंत्रण कक्ष 24 घंटे कार्यरत रहेगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि उपखंड अधिकारी पीपलू एवं सहायक कलक्टर टोंक अनीता खटीक को नियंत्रण कक्ष का प्रभारी अधिकारी बनाया गया है। जिसके फोन नंबर 01432-247400 है।


