Deoli News 18 जनवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) टोंक पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार के निर्देशानुसार दूनी थाना पुलिस ने अवैध गतिविधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए जुआरियों, शराब तस्कर और ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
थानाधिकारी रतन सिंह तंवर के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पुलिस टीम ने राजमहल राजकीय बालिका स्कूल के पीछे सार्वजनिक स्थान पर जुआ खेलते हुए तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 830 रुपए नकद और ताश की पत्तियां जब्त की गई हैं। गिरफ्तार आरोपियों में मुकेश वर्मा पुत्र सूरजमल जाति रैगर, साजिद मोहम्मद पुत्र मोहम्मद सादिक जाति और मनोज कुमार पुत्र हीरालाल जाति रैगर शामिल हैं। ये सभी राजमहल, थाना दूनी निवासी हैं।
इसी तरह पुलिस ने राजमहल बनास नदी रपटे से सीताराम पुत्र रामदेव जाति कुम्हार निवासी बोटूंदा, थाना दूनी को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 48 पव्वे अवैध देशी शराब बरामद की गई है। आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जबकि ध्वनि प्रदूषण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एनएच 52 बघेली कट के पास एक पिकअप को जब्त किया।

चालक हेमराज पुत्र रामचंद्र उर्फ सुखचन्द बावरिया, निवासी गोनेर, थाना सांगानेर, जिला जयपुर, आबादी क्षेत्र में तेज आवाज में टेप मशीन बजा रहा था। पुलिस ने टेप मशीन और पिकअप को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है।


