Deoli News 23 सितंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल देवली में दो दिन पूर्व ही बोकारो छत्तीसगढ़ से ट्रेनिंग के लिए आए एएसआई की तबीयत बिगड़ने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई।
हनुमान नगर थाने के हेडकांस्टेबल शंकरलाल ने बताया कि उपेंद्र सिंह (58) पुत्र नत्थूराम मीणा निवासी मीणों का मोहल्ला बिजवाद चौहान जिला अलवर की ड्यूटी छत्तीसगढ़ के बोकारो में थी। वह सहायक उप निरीक्षक से उपनिरीक्षक की ट्रेनिंग के लिए दो दिन पूर्व की देवली सीआईएसएफ में आए थे। सोमवार देर शाम को उनके गले में तेज दर्द हुआ, जिसके बाद उनको राजकीय चिकित्सालय देवली में भर्ती करवाया गया, लेकिन देर रात ही इलाज के दौरान उपेंद्र सिंह ने दम तोड़ दिया। शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।



