Deoli News 13 अगस्त (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय देवली का गुरुवार को निरीक्षण मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी अर्जुनलाल बुनकर ने किया। उन्होंने विद्यालय के पुस्तकालय, कंप्यूटर लैब एवं विज्ञान प्रयोगशाला का निरीक्षण किया।
प्रधानाचार्य राजीव शर्मा ने बताया कि उनके साथ एसीबीईओ प्रथम अरुण कुमार शर्मा एवं एसीबीईओ द्वितीय चंद्रप्रकाश माहेश्वरी भी मौजूद रहे। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत शिक्षा अधिकारियों ने विद्यालय में पौधारोपण किया। एसडीएमसी सदस्य जितेंद्र कुमार चौधरी एवं रमेश चंद्र गोपाल ने भी पौधारोपण किया।
गांवड़ी में तिरंगा रैली, देशभक्ति के नारों से गूंजा कस्बा
गांवड़ी। प्रधानाचार्य रविशंकर मीणा ने तिरंगा रैली को रवाना किया, जिसमें पवन कुमार साहू, दुर्गालाल मीणा, प्रेमसुख जाट, धनराज सुवालका और जितेंद्र सिंह सहित विद्यार्थियों व स्टाफ ने भाग लिया। रैली में भारत माता की जय, वंदे मातरम और हर घर तिरंगा के नारे लगाए गए।
पनवाड़ में विकास कार्यों को गति, सीसी सड़क निर्माण शुरू
पनवाड़। प्रशासक सत्यनारायण माली के अनुसार गोपाल सुराणा के मकान से घास भेरू चौक तक सीसी सड़क व नाली निर्माण शुरू हुआ है। उमराव सिंह, सखावत अली, रवी खाती और दुर्गा बैरवा से जुड़े मार्गों पर भी सीसी सड़क व नाली निर्माण के कार्य स्वीकृत किए गए हैं।
टोडा का गोठड़ा में तिरंगा यात्रा, ग्रामीणों ने की पुष्पवर्षा
टोडा का गोठड़ा। प्रधानाचार्य दिनेश सिंह नरूका ने बताया कि विद्यालय के विद्यार्थियों ने गांव में तिरंगा यात्रा निकाली, जिसका ग्राम पंचायत मुख्यालय पर ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा से स्वागत किया। यात्रा में विद्यालय स्टाफ के साथ विद्यार्थियों ने देशसेवा की शपथ ली और ग्रामीणों ने उनका उत्साह बढ़ाया।



