नागदी तालाब अतिक्रमण सहित 9 मुद्दों पर होगी चर्चा
Jahazpur News 29 जनवरी (आज़ाद नेब) तीन साल के लंबे अंतराल के बाद 2 फरवरी को नगर पालिका बोर्ड बैठक आयोजित की जा रही है। इसमें नागदी नदी सफाई, भंवर कला तालाब टापू पर सोन्दर्यकरण, नगर पालिका भूमि से अतिक्रमण हटाने सहित नौ एजेंडों पर चर्चा होगी।
नगर पालिका अध्यक्ष नरेश मीणा ने बताया कि पूर्व में पहली बोर्ड बैठक 23 फरवरी 2021 को आयोजित की गई थी। इसके बाद 2 फरवरी को बैठक आयोजित होगी। इस दरमियान पालिका की बोर्ड बैठक आहूत नहीं होने से पिछले 3 सालों में कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में नगर पालिका क्षेत्र में विकास कार्य अवरूद्ध रहे। जिसके चलते पालिका क्षेत्र पिछड़ा है। गौरतलब है कि 16 फरवरी 2021 को नरेश मीणा नगर पालिका अध्यक्ष चुनने के बाद 23 फरवरी 2021 को पहले बोर्ड बैठक आहूत की थी। लेकिन इसके बाद आधिकारिक अस्थिरता व राजनीतिक कारणों के चलते पिछले तीन सालों में एक भी बोर्ड बैठक आयोजित नहीं हुई।
पालिका ईओ राघव मीणा ने बताया कि इस बोर्ड बैठक में भंवरकला तालाब की पाल के बीच में टापू पर सोन्दर्यकरण, नौ चौक से चावण्डिया चोराहे तक रोड पुलिया निर्माण के सम्बन्ध में चर्चा, नागदी नदी सफाई व सोन्दर्यकरण, नगर पालिका भूमि से अतिक्रमण हटाकर नगर पालिका की निजी सम्पति को चिन्हित करने पर, नगर पालिका क्षेत्र में तरणताल बनाने व भंवरकला तालाब की जलकुम्भी निकालने सहित बिंदुओं पर चर्चा की जाएगी।


