Deoli News 18 मार्च (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) दूनी थाना क्षेत्र के सीतापुरा गांव में मंगलवार को अज्ञात चोरों ने भवानी सिंह सोलंकी के सूने मकान को निशाना बनाकर करीब 80 लाख रुपए की बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

जानकारी के अनुसार पीड़ित भवानी सिंह दोपहर 12 बजे अपने दोहिते को लेने अलीगढ़ गए हुए थे और जब शाम 7:30 बजे वापस लौटे तो घर की अलमारियों के ताले टूटे और सामान बिखरा मिला। चोर घर से करीब 45 तोला सोना, आधा किलो चांदी और 50 हजार रुपये की नकद राशि चुरा ले गए जिसकी सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दी गई। एएसआई उदय लाल ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और बुधवार सुबह टोंक से आई एफएसएल टीम ने भी बारीकी से जांच की। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आसपास के क्षेत्रों में लगे कैमरों व संदिग्धों की तलाश कर मामले के खुलासे के प्रयास तेज कर दिए हैं। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से पूरे गांव में भय है।
जिससे ग्रामीणों ने पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं ताकि चोरों के गिरोह तक जल्द पहुँचा जा सके। मकान मालिक के अनुसार चोरों ने घर के अंदर रखी तिजोरी और अलमारियों के तालों को बड़ी ही सफाई से तोड़ा है, जिससे किसी जानकार के शामिल होने की आशंका भी जताई जा रही है। थाना पुलिस अब आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि चोरों के आने-जाने के मार्ग का सुराग मिल सके।



