Deoli News 10 अक्टूबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) मानव धर्म बहु दिव्यांगता विद्यालय देवली के छात्रों ने संभाग स्तरीय दिव्यांग खेलकूद प्रतियोगिता पटेल खेल मैदान अजमेर में भाग लिया। दरअसल राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर के तत्वाधान में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अजमेर द्वारा संभाग स्तरीय दिव्यांग खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन 9 अक्टूबर को हुआ।
इसमें मानव धर्म बहु दिव्यांगता विद्यालय देवली के 14 मूक बधिर छात्रों ने कबड्डी, कैरम शतरंज प्रतियोगिता में भाग लिया। संस्था निदेशक रणवीर सिंह चौहान ने बताया कि कबड्डी प्रतियोगिता में टोंक देवली के मानव धर्म बहुदिव्यांगता विद्यालय की टीम संभाग स्तर पर द्वितीय स्थान पर रही। कैरम प्रतियोगिता में मोनू कुमार मीणा द्वितीय स्थान और शतरंज प्रतियोगिता में सुमेर कुमार मीणा तृतीय स्थान पर रहे। टीम के साथ विद्यालय प्राचार्य महेश कुमार शर्मा, विशेष शिक्षक मनोज कुमार गुर्जर, धर्मराज धाकड़ साथ थे। विजेताओं को नकद पुरस्कार व सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र सौपकर सम्मानित किया गया।

पीएम श्री विद्यालय में गतिविधियां हुई
राजस्थान स्कूल शिक्षा परिषद के आदेशानुसार पीएम श्री विद्यालय के विद्यार्थियों में रचनात्मकता, नेतृत्व क्षमता व आलोचनात्मक सोच विकसित करने के उद्देश्य से पीएम श्री राउमावि देवली में चार प्रतियोगिताओं का आयोजन 7 से 10 अक्टूबर तक किया गया। संस्था के प्रधानाचार्य रमेशचंद्र मीणा ने बताया कि विद्या वैभव ओलंपियाड प्रतियोगिता में कोमल कुमारी बैरवा, मंथन मंडल वाद विवाद प्रतियोगिता एक देश एक चुनाव, विकसित भारत विषय पर आयोजित की गई। जिसमें वाणिज्य वर्ग के विद्यार्थियों ने पक्ष और विपक्ष में अपने तर्क प्रस्तुत किए।

डिजिटल क्वेस्ट प्रतियोगिता में सामाजिक मुद्दों पर सोशल मीडिया अभियान चलाने में खुशबू प्रजापत ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। डिस्कवर एंड लर्न लोकल साइट्स प्रतियोगिता के तहत स्थानीय स्थलों की खोज व जानकारी में निशा कुमारी बैरवा व रेखा कुमारी बैरवा ने संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्राप्त किया। विद्यालय स्तर पर चयनित विद्यार्थियों की जिला स्तर पर प्रतियोगिता 14 से 17 अक्टूबर के बीच होगी। मंच संचालन बरखा अग्रवाल व राजबहादुर मीणा ने किया।


