Deoli News 27 अप्रैल (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) हनुमान नगर की जैन कॉलोनी में रविवार देर रात एक विद्युत लाइन अचानक जलकर सड़क पर गिर गई। गनीमत रही कि हादसे के समय नीचे कोई नहीं था।
जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया। हालांकि, इस घटना के कारण पूरी रात कॉलोनी की विद्युत आपूर्ति ठप रही, जिससे भीषण गर्मी में निवासियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। कॉलोनी निवासी और भाजपा ओबीसी मोर्चा के अध्यक्ष मनोज सैनी ने निगम पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए बताया कि यह विद्युत लाइन पूरी तरह जर्जर हो चुकी है और ट्रांसफार्मर पर क्षमता से अधिक भार है। सैनी के अनुसार, अधिकारियों को बार-बार सूचित करने के बाद भी समस्या का स्थाई समाधान नहीं किया गया है। यह लाइन अब तक आधा दर्जन से अधिक बार टूट चुकी है, जिससे आए दिन बिजली कटौती की समस्या बनी रहती है। लोगों ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि पूरी-पूरी रात बिजली बंद रहने से बच्चों और बुजुर्गों का बुरा हाल है। उन्होंने शिकायत की है कि संकट के समय निगम के जिम्मेदार अधिकारी अक्सर फोन उठाना भी मुनासिब नहीं समझते।
कॉलोनीवासियों ने मांग की है कि जल्द से जल्द इस पुरानी लाइन को बदले और लोड को देखते हुए या तो बड़ा ट्रांसफार्मर लगाए या अतिरिक्त ट्रांसफार्मर की व्यवस्था करे, ताकि लोगों को राहत मिल सके।


