सिरोही में ग्रामीणों ने मनाया जश्न
Deoli News 21 नवंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) राज्य सरकार की अधिसूचना के अंतर्गत देवली उपखंड क्षेत्र में पंचायत पुनर्गठन किया गया हैं। जिसके बाद देवली उपखंड में पंचायतों की संख्या बढ़कर अब 48 हो गई है।

इस बड़े बदलाव के तहत, देवली उपखंड में रामथला, सिरोही, नयागांव (राजमहल के पास), सरोली, ठिकरिया कलां, नयागांव (राजकोट), मुगलाना, जगन्नाथपुरा और धुंवाखुर्द सहित 9 नई ग्राम पंचायतों का सृजन किया गया है। पुनर्गठन प्रक्रिया में डूब क्षेत्र की कुछ पुरानी पंचायतों बीजवाड, थांवला, मालेडा, डाबर और हिसामपुर का भी पुनर्गठन किया गया है, ताकि प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक सुगम बनाया जा सके। इधर, नवसृजित ग्राम पंचायत सिरोही बनने की सूचना से ग्रामीणों में उत्साह है। जिन्होंने शुक्रवार को आतिशबाजी कर और मिठाई बांटकर खुशी का इजहार किया।
भाजपा देहात मंडल अध्यक्ष विनोद माहुर ने बताया सिरोही ग्रामवासियों का यह संघर्ष करीब 30 वर्षों से जारी था। इससे पहले गावड़ी से अलग होने के बाद सिरोही के बजाय पोल्याड़ा को ग्राम पंचायत बना दिया गया था। लंबे संघर्ष के बाद आखिरकार सिरोही के ग्रामवासियों की मांग पूरी हुई। इस मौके पर उप सरपंच शिवराज गुर्जर, वार्ड मेंबर हंसराज धाकड़, कजोड़ धाकड़, किशन सोयल, रामदेव पटेल, किशन खटीक, बाबूलाल माली, हिम्मत सिंह नरूका समेत ग्रामवासी मौजूद थे।



