गोपीपुरा के करीब हुआ हादसा
देवली से वापस लौटते वक्त हुई दुर्घटना
Deoli News 3 अक्टूबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) राष्ट्रीय राजमार्ग जयपुर पर गोपीपुरा के करीब गुरुवार शाम एक सड़क दुर्घटना में 76 वर्षीय एक जने की मौत हो गई। यह व्यक्ति अपनी कार से गांव लौट रहे थे। इस बीच यह हादसा पेश आया। जानकारी के अनुसार मृतक बाबूलाल पुत्र छीतरमल निवासी पोल्याड़ा, थाना दूनी है, जो देवली दिगंबर जैन मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष एवं डॉ. विमल जैन के बड़े भाई है।
मामले में डॉ. विमल जैन ने देवली पुलिस को रिपोर्ट दी है। इसमें बताया कि उनके भाई बाबूलाल गुरुवार को अपनी कार से देवली आए थे। इसके बाद शाम 4 बजे वह उनके घर से अपने गांव के लिए रवाना हुए। यहां बाबूलाल की परिजनों से करीब एक घंटे बातचीत हुई। इसके बाद लौटते वक्त हाइवे पर गोपीपुरा के समीप एक आगे चल रहे ट्रेलर ने अचानक ब्रेक लगा दिए। जिससे उनके भाई बाबूलाल की कार ट्रेलर में घुस गई। हादसे में बाबूलाल के सिर पर एवं सीने में गंभीर चोट आई है। जिन्हें एंबुलेंस देवली अस्पताल लेकर आई। यहां चिकित्सक डॉ. जगनलाल ने जांच किए जाने के बाद मृत घोषित कर दिया। सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया। वही देवली थाना प्रभारी राजकुमार नायक मौके पर पहुंचे और हादसे की जानकारी ली। थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित पक्ष से मामले की रिपोर्ट ली गई है। जानकारी के अनुसार मृतक बाबूलाल जयपुर के नेफ्रोलॉजिस्ट डॉ. शीलभद्र जैन के पिता है, जो गांव में दुकान संचालित करते हैं। पुलिस ने बताया कि कार में दुकान के सामान भी रखे थे।
पुलिस ने मृतक की जेब में रखा मोबाइल व कार की चाबी परिजनों को सौंप दी है। इधर, हादसे की सूचना से जैन समाज के दर्जनों लोग मोर्चरी के बाहर एकत्र हो गए। जहां पुलिस पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम की कार्रवाई में जुटी गई है। उधर, मृतक बाबूलाल की कार का आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं हादसे के बाद हाईवे पर जाम लग गया। जिसे पुलिस ने सुचारु कराया।



