Deoli News 28 जून (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर का रोडवेज बस स्टैंड परिसर इन दिनों अव्यवस्थाओं से जूझ रहा है, जिससे यात्रियों और आमजन की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं।
परिसर में रोडवेज बसों के आवागमन के साथ ही प्राइवेट बसों की अनियंत्रित पार्किंग और फल-सब्जी के ठेलों के जमावड़े ने स्थिति को और गंभीर बना दिया है। आलम यह है कि यात्रियों के लिए सुरक्षित और सुगम आवागमन करना भी कठिन हो गया है। समस्या केवल मुख्य परिसर तक सीमित नहीं है, बल्कि बुकिंग कार्यालय के पीछे का हिस्सा भी वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग के कारण पूरी तरह जाम रहता है। वाहनों के इस बढ़ते अंबार और अतिक्रमण के चलते यहाँ से गुजरना किसी चुनौती से कम नहीं है। लगातार हो रही इन परेशानियों के चलते पिछले दिनों रोडवेज बस स्टैंड को अन्यत्र शिफ्ट करने की मांग उठी थी।
इस संबंध में निगम नए भूखंड के आवंटन का आग्रह भी किया गया था, ताकि यात्रियों को एक व्यवस्थित और सुरक्षित बस स्टैंड मिल सके। फिलहाल, बस स्टैंड की यह बदहाल स्थिति, प्रशासन के हस्तक्षेप और सुधार की मांग कर रही है।


