27 हजार 925 बच्चों को खुराक पिलाने का लक्ष्य
Deoli News 22 नवंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) देवली ब्लॉक के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में पल्स पोलियो अभियान 23 नवंबर से 25 नवंबर तक चलाया जाएगा। विभाग ने इस महाअभियान के तहत ब्लॉक में 0 से 5 वर्ष तक के लगभग 27 हजार 925 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का व्यापक लक्ष्य रखा है।
ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनीष लोदी ने बताया कि अभियान के लिए सभी तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं। पूरे ब्लॉक में 169 बूथ और 3 ट्रांजिट पोलियो बूथ बनाए गए हैं। इस काम में 338 वैक्सीनेटर और 29 सुपरवाइजर शामिल होंगे। डॉ. लोदी ने बताया कि अभियान के पहले दिन (रविवार) सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक पोलियो बूथों पर दवा पिलाई जाएगी, और अगले दो दिनों में स्वास्थ्यकर्मी घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को खुराक पिलाएँगे। इसके अलावा ईंट भट्ठा, माइंस, नदी, कंस्ट्रक्शन साइट एवं घुमंतू जाति के बच्चों को दवा पिलाने के लिए दो मोबाइल टीम बनाई गई है। इसी तरह उपजिला चिकित्सालय के प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजकुमार गुप्ता ने बताया कि शहरी क्षेत्र में 21 बूथ बनाए गए हैं और बस स्टैंड पर एक ट्रांजिट बूथ स्थापित किया गया है।
शहरी क्षेत्र में करीब 2100 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य है। अभियान के लिए 46 कर्मचारी और नर्सिंग स्टूडेंट की ड्यूटी लगाई गई है। डॉ. हर्षवर्धन को शहरी क्षेत्र का पल्स पोलियो अधिकारी तथा पवन कुमार जैन और परमेश्वर सेन को सुपरवाइजर बनाया गया है। नोडल अधिकारी डॉ. गुप्ता ने सभी अभिभावकों से अपने बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने की बात कही है, ताकि समाज को पोलियो मुक्त बनाए रखने में सहयोग मिल सके।



