Deoli News 14 फरवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर के बावड़ी बालाजी मंदिर में विजया एकादशी की रात शुक्रवार को भक्ति, शक्ति और फाल्गुनी मस्ती का अनूठा संगम देखने को मिला। जहां भजनों की बयार ने श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक शांति का अनुभव दिया।
आयोजक गौतम साहू, गोविंद साहू और भगवान साहू द्वारा सजाए गए सांवरिया सेठ, खाटू श्याम बाबा और मां बीजासन के दरबार ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। कार्यक्रम का आगाज राहुल जादम की गणेश वंदना ‘म्हारी सभा में रंग बरसाओ’ और नितिन बागवान के शिव भजनों से हुआ, जिसने पंडाल में मौजूद भीड़ में ऊर्जा भर दी। जैसे ही गायिका अंजली आचार्य ने ‘आयो फागणियो बिहारीजी के रंग लगाओ जो’ और ‘कन्हैया बांसुरी बजा दे अब तो फागण आ गयो’ जैसे मधुर फाग भजनों की तान छेड़ी, पूरा पंडाल झूम उठा।
श्रद्धालुओं का उत्साह इस कदर परवान चढ़ा कि लोग सुध-बुध भूलकर भजनों की धुन पर देर रात तक नाचते रहे। भक्ति रस से सराबोर इस आयोजन ने देवली को पूरी तरह से श्याम रंग में रंग दिया, जहाँ हर भक्त फागुन की मस्ती में डूबा नजर आया। इसी तरह भजन गायकों ने भगवान सांवरिया सेठ और खाटू श्याम के अन्य लोकप्रिय भजनों से श्रद्धालुओं को भिगो दिया। देर रात 2 बजे बाद भजन संध्या का आरती के साथ समापन हुआ।



