बर्फीली हवाओं से ठिठुरा शहर
Deoli News 3 फरवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) फरवरी माह की शुरुआत के साथ ही जहां लोग ठंड कम होने की उम्मीद कर रहे थे, वहीं प्रकृति व मौसम ने अपना अलग ही रंग दिखाना शुरू कर दिया है। देवली और आसपास के क्षेत्रों में मंगलवार को मौसम ने जबरदस्त पलटी मारी।

कोहरे ने अपना ‘रौद्र रूप’ दिखाते हुए पूरे शहर को अपनी आगोश में ले लिया। दो दिन पहले की कम ठंड के बाद अचानक बढ़ी इस सर्दी ने लोगों को एक बार फिर भारी ऊनी कपड़ों और अलाव की शरण में जाने पर मजबूर कर दिया है। मंगलवार की सुबह देवली की सड़कों पर दृश्यता (विजिबिलिटी) इतनी कम थी कि राष्ट्रीय राजमार्ग और मेगा हाईवे पर दौड़ने वाले वाहनों के पहिए मानो थम से गए। घने कोहरे के साथ-साथ चल रही बर्फीली हवाओं ने सर्दी का अहसास कई गुना बढ़ा दिया। इस सर्द माहौल के बीच सबसे ज्यादा मुश्किल स्कूली बच्चों को हुई।
जिन्हें सुबह-सुबह कड़कड़ाती ठंड और गलन के बीच ठिठुरते हुए स्कूल जाना पड़ा।
यह है तापमान की स्थिति
तापमान के आंकड़ों पर नजर डालें तो सुबह का न्यूनतम पारा 12°C के आसपास रहा, जो सुबह 9:30 बजे तक केवल 15°C तक ही पहुंच पाया। मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि दिन का अधिकतम तापमान 24°C तक जा सकता है। कोहरे की घनी चादर के कारण लंबी दूरी की यात्री बसें और निजी वाहन रेंग-रेंग कर चलते दिखाई दिए।
जिससे यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुँचने में काफी देरी का सामना करना पड़ा। फरवरी में सर्दी के इस ‘दूसरे स्पेल’ ने यह साफ कर दिया है कि फिलहाल शीत लहर से राहत मिलने के आसार कम हैं।


