Wednesday, April 22, 2026
No menu items!
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
HomeAdministrationदेवली में गणतंत्र दिवस की धूम : फहराया तिरंगा

देवली में गणतंत्र दिवस की धूम : फहराया तिरंगा

शहर में दिखी राष्ट्रप्रेम की झलक


Deoli News 26 जनवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) उपखंड मुख्यालय सहित शहरभर व ग्रामीण क्षेत्रों में सोमवार को 77वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास और राष्ट्रभक्ति के साथ मनाया गया। मुख्य समारोह शहर के अटल उद्यान में आयोजित हुआ, जहाँ मुख्य अतिथि उपखंड अधिकारी रूबी अंसार ने ध्वजारोहण किया।

इस दौरान सामूहिक राष्ट्रगान की गूँज के बीच विद्यार्थियों ने आकर्षक मार्च पास्ट, शारीरिक व्यायाम और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दीं। समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 69 व्यक्तियों और संस्थाओं के लोगों को सम्मानित किया गया। यहां देवली डीएसपी हेमराज मीणा, पालिकाध्यक्ष नेमीचंद जैन, उपाध्यक्ष सौरभ जिंदल, अधिशासी अधिकारी सुरेश कुमार मीणा, तहसीलदार मेघा गुप्ता और थाना प्रभारी दौलतराम गुर्जर ने पारितोषिक सौपे।  शहर के विभिन्न संस्थानों में भी ध्वजारोहण के कार्यक्रम आयोजित हुए।

कांग्रेस कार्यालय में ब्लॉक अध्यक्ष महादेव मीणा व नगर अध्यक्ष सौरभ जिंदल ने तिरंगा फहराया, वहीं भाजपा कार्यालय में शहर अध्यक्ष अंकित जैन डाबर के नेतृत्व में ध्वजारोहण संपन्न हुआ। डीएसपी कार्यालय पर उपाधीक्षक और थाना परिसर में प्रभारी दौलतराम गुर्जर ने झंडा फहराया। नगर पालिका परिसर में अध्यक्ष ने ध्वज फहराया। इस दौरान ईओ सुरेश कुमार मीणा, पार्षद भीमराज जैन समेत थे। राजकीय उप जिला अस्पताल में प्रभारी डॉ. राजकुमार गुप्ता ने ध्वजारोहण किया। शिक्षा और सेवा संस्थानों में भी उत्सव का माहौल रहा। शहर के जयपुर रोड स्थित रामी देवी नर्सिंग संस्थान में निदेशक डॉ. महेश जिंदल व डॉ. कल्पना जिंदल ने, और राजकीय महाविद्यालय में कार्यवाहक प्राचार्य अनंत चौधरी ने ध्वजारोहण किया। विशेष रूप से मानव धर्म बहु-दिव्यांगता विद्यालय में निदेशक रणवीर सिंह चौहान ने ध्वज फहराया, जहाँ फ्रांसीसी मेहमान नोफी और जोहाना की उपस्थिति आकर्षण का केंद्र रही।

इसके अलावा देवली के गौरव पथ स्थित ब्राइट अकैडमी सेकेंडरी स्कूल के छात्र शिवम पुत्र बृजेश शर्मा को राष्ट्रीय स्तर पर गन शूटिंग प्रतियोगिता में भाग लेने पर उपखंड अधिकारी जहाजपुर की ओर से सम्मानित किया। यह जानकारी प्रिंसिपल कमल सेन ने दी। बीसलपुर बांध की जलभराव क्षमता बढ़ाने के विरोध में चल रहे धरने पर संघर्ष समिति अध्यक्ष सत्यनारायण सरसड़ी ने ध्वजारोहण किया और यहां मिठाई बांटी गई। इसके अलावा जनसेवा समिति में नवल मंगल, रोडवेज बुकिंग में नवल मंगल, बुकिंग प्रभारी राकेश शर्मा और पटेल नगर स्थित हीरो शोरूम पर भी गरिमामय कार्यक्रमों के बीच गणतंत्र दिवस मनाया गया। रोडवेज बुकिंग प्रभारी राकेश शर्मा को राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम बूंदी आगार की ओर से भी सम्मानित किया गया।

हीरो शोरूम पर पालिकाध्यक्ष नेमीचंद जैन, उपाध्यक्ष सौरभ जिंदल ने ध्वजारोहण किया। यहां शोरूम प्रोपराइटर सुनीता अग्रवाल और जनरल मैनेजर दिनेश गोयल ने अतिथियों का अभिनंदन किया। देवली के आयुर्वेद चिकित्सालय में वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. पीएल जांगिड़ ने ध्वजारोहण किया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

%d