Deoli News 26 जनवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) गणतंत्र दिवस पर जिला स्तर पर आयोजित मुख्य समारोह देवली के लिए अहम रहा। इस दौरान देवली की उपखंड अधिकारी को जिला स्तर पर सम्मानित किया गया।
प्रशासनिक कार्यों में उत्कृष्ट प्रदर्शन और कर्तव्यनिष्ठा के लिए देवली उपखंड अधिकारी (एसडीओं) रूबी अंसार और उपखंड कार्यालय के सहायक प्रोग्रामर आशीष शर्मा को जिला स्तर पर सम्मानित किया गया। उपखंड अधिकारी रूबी अंसार को राजस्व कार्यों में निष्ठा, लगन और प्रशासनिक कुशलता के लिए यह सम्मान मिला है। उन्होंने उपखंड क्षेत्र में राजस्व संबंधी लंबित प्रकरणों और प्रशासनिक कार्यों का समयबद्ध निस्तारण किया है।
वहीं, उपखंड कार्यालय में कार्यरत सहायक प्रोग्रामर आशीष शर्मा को उनके विभागीय दायित्वों के ईमानदारी से निर्वहन और चुनाव संबंधी कार्यों को सही तरीके से संपादित करने के लिए सम्मान दिया गया। जिला मुख्यालय पर आयोजित समारोह के दौरान जलदाय मंत्री कन्हैया लाल चौधरी, जिला कलक्टर कल्पना अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक राजेश मीणा और विधायक राजेंद्र गुर्जर सहित अन्य अतिथियों ने उन्हें प्रशस्ति पत्र और पारितोषिक सौपकर सम्मानित किया।



