@आशीष बागड़ी
Deoli News 18 मार्च (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) राजस्थान के चित्तौड़गढ़ स्थित प्रसिद्ध कृष्ण धाम मंडफिया की तर्ज पर अब देवली में भी भगवान सांवरिया सेठ का अलौकिक मंदिर साकार होने जा रहा है। उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों उक्त मंदिर का भूमि पूजन किया गया था।

मंदिर समिति अध्यक्ष रामसिंह शक्तावत ने बताया कि देवली में बनने वाला यह मंदिर अपनी भव्यता और वास्तुकला के लिए क्षेत्र का प्रमुख केंद्र बनेगा। मंदिर के निर्माण में विश्व प्रसिद्ध मकराना के सफेद संगमरमर (वाइट मार्बल) का उपयोग किया जाएगा, जो इसकी सुंदरता में चार चांद लगा देगा। मंदिर निर्माण की प्रक्रिया अब पूरी गति पकड़ चुकी है। अध्यक्ष शक्तावत के अनुसार मंदिर का एलिवेशन और नक्शा लगभग फाइनल हो चुका है और जल्द ही समिति को इसका भव्य 3D एलिवेशन भी प्राप्त हो जाएगा।
इस मंदिर की सबसे बड़ी विशेषता इसका गर्भगृह विन्यास होगा। मंदिर में कुल तीन गर्भगृह बनाए जाएंगे, जिनमें मुख्य गर्भगृह में सांवरिया सेठ विराजमान होंगे। वहीं शास्त्रोक्त परंपरा के अनुसार एक दिशा में प्रथम पूज्य भगवान गजानंद और दूसरी दिशा में महादेव के परिवार शिव दरबार की स्थापना की जाएगी। इस पुनीत कार्य में देवली और आसपास के क्षेत्र के भामाशाहों का सहयोग मिल रहा है। कई दानदाताओं ने मंदिर निर्माण के लिए मुक्त हस्त से सहायता की है और वर्तमान में भी सहयोग का सिलसिला अनवरत जारी है। आगामी कुछ ही दिनों में निर्माण कार्य में और भी तेजी देखने को मिलेगी।
जिससे जल्द ही श्रद्धालुओं को अपने आराध्य सांवरिया सेठ के दर्शन एक भव्य और दिव्य परिसर में प्राप्त हो सकेंगे। मकराना के पत्थरों की नक्काशी और मंडफिया जैसी बनावट के कारण इस मंदिर को लेकर पूरे क्षेत्र के भक्तों में उत्साह है।


