-
दो सोने की अंगूठी व कड़ा ले गए बदमाश
-
करीब पांच तोले के थे आभूषण
-
पुलिस ने मामला किया दर्ज
Deoli News 12 फरवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर की विवेकानंद कॉलोनी स्थित एक मकान में घूसकर दो बदमाशों ने तांबे के बर्तन चमकाने के नाम पर एक बुजुर्ग के साथ ठगी की। शातिर बदमाश बुजुर्ग से सोने की अंगूठी व कड़ा ठगकर ले गए।
इसे लेकर पीड़ित बुजुर्ग के पुत्र राघवेंद्र पारीक ने पुलिस में मामला दर्ज कराया है। इसमें बताया कि सोमवार सुबह 11 बजे करीब उनके पिता चांदमल पारीक अपने घर पर घरेलू कार्य कर रहे थे। इसी वक्त दो अज्ञात युवक आए। जिन्होंने उनके पिता से तांबे के बर्तन चमकाने की बात कही तथा दोनों ही बदमाश घर के अंदर घुस गए। जिन्होंने पहले तांबे के कलश को साफ किया। दोनों बदमाशों ने पीड़ित चांदमल पारीक के हाथ में पहने सोने के कड़े व दो अंगूठी खुलवाली। जिनका वजन करीब 5 तौला था।
गर्म पानी लेने भेजा बुजुर्ग को
उक्त अंगूठी व कड़े की सफाई करते वक्त बदमाशों ने बुजुर्ग को गर्म पानी लाने के लिए कहा तथा बुजुर्ग को रसोई में भेजकर सोने के आभूषण लेकर चम्पत हो गए। बाद में कॉलोनीवासियों ने उनकी तलाश की। लेकिन कहीं कोई पता नहीं लगा। पुलिस के अनुसार इनमें एक बदमाश ने काली टोपी पहनी थी। वहीं दूसरे ने वेलवेट की शर्ट पहन रखी थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।


