निगम कर्मचारियों ने पूजा तो दूर, भोजन तक नहीं किया
Deoli News 1 नवंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शायद वर्षों बाद देवली में ऐसा हुआ कि लोगों को अंधेरे में दीपावली का पूजन करना पड़ा। हालांकि यह घटना बेहद दुखद और अफसोसजनक है। जहां वर्षभर के त्यौहार की उमंग व उत्साह पर तकनीकी फाल्ट ने पानी फेर दिया। फॉल्ट भी ऐसा की विद्युत कर्मचारी व अभियंताओं को कई घंटे मरम्मत में लग गए।
जानकारी के अनुसार दीपावली के मौके पर गुरुवार शाम करीब 4:30 से 5 बजे देवली के मुख्य बाजार स्थित अंडरग्राउंड विद्युत लाइनों में फाल्ट आ गया। सब तरफ कोशिश करने के बाद जब निगम अभियंताओं को लगा कि यह फाल्ट अंडरग्राउंड लाइनों का है तो उनके होश उड़ गए तथा हाथ पांव फूल गए। इसकी वजह अंडरग्राउंड लाइनों का फाल्ट ढूढ़ना आसान नहीं था। फिर भी विद्युत निगम कर्मचारियों ने सहायक अभियंता डीके जैन के नेतृत्व में फाल्ट ढूंढने की कोशिश शुरू की। उधर, दीपावली की संध्या आते ही लोग बिजली के लिए तरसने लगे। शहर में अंधेरा छा गया और बिजली बंद थी। ऐसे में लोगों ने विद्युत निगम कर्मचारियों को कोसना शुरू कर दिया। हालांकि ऐसी स्थिति में विद्युत कर्मचारी कुछ नहीं कर पा रहे थे।
लिहाजा हार थकने के बाद विद्युत निगम के सहायक अभियंता ने जयपुर में फाल्ट ढूंढने के लिए टेस्टिंग वेन की रिक्वायर्ड भेजी। बताया जाता है कि इस वैन की रिक्वायर्ड मिलने पर भी करीब 15 से 20 दिन भेजने में लग जाते हैं। लेकिन स्थिति को देखते हुए विद्युत निगम ने कोटा से यह वेन तत्काल देवली भेजी। सहायक अभियंता डीके जैन ने बताया कि शहर के गुरुद्वारा रोड के करीब एवं बावड़ी बालाजी के बाहर गोयल स्टेशनर के करीब दो अंडरग्राउंड लाइनों में फॉल्ट मिले। जिन्हें टेस्टिंग वेन के जरिए ढूंढकर सुधार गया। इस दौरान विद्युत निगम कर्मचारियों ने इलाके अनुसार धीरे-धीरे बिजली आपूर्ति शुरू की। वहीं रात एक बजे जाकर सभी लाइने चालू हो सकी। वही सुबह 4 बजे तक विद्युत निगम कर्मचारी टेस्टिंग में लग रहे।

अंधेरे में की लोगों ने महालक्ष्मी की पूजा
लोगों ने बताया कि यह पहला मौका होगा। जब दीपावली पर लोगों को अंधेरे के बीच पूजन करना पड़ा। हालांकि जिन घरों में इनवर्टर था। वहां उजाले में पूजा हो सकी फिर भी अधिकांश घरों में इनवर्टर नहीं होने के चलते मोबाइल टॉर्च एवं मोमबत्ती की रोशनी में लोगों ने महालक्ष्मी का पूजन किया। वर्ष भर के सबसे बड़े त्योहार दीपावली की खुशियां लाइट के अभाव में धूल धूसरित हो गई। विद्युत निगम के सहायक अभियंता डीके जैन ने बताया कि इस हालात के लिए उन्हें भी बेहद अफसोस है कि शहरवासियों को दीपावली पर भी पर्याप्त बिजली नहीं मिल सकी। लेकिन टेक्निकल फाल्ट के सामने वे कुछ नहीं कर सके। उन्होंने भी इस तरह का फाल्ट पहली बार देखा है।
पूजन तो दूर, भोजन तक नहीं किया
टेक्निकल फॉल्ट शाम करीब 4:30 से 5 के बीच आया। इसके बाद करीब दो दर्जन विद्युत निगम कर्मचारी व अभियंता काम में लग गए। कर्मचारियों ने बताया कि हालत ऐसी पतली हो गई कि वह घर तक नहीं जा सके और उन्होंने लक्ष्मी मां का पूजन नहीं किया। इसके अलावा वह शाम का भोजन भी नहीं कर सके।


