बाजारों में धनतेरस पर लगी भीड़, खरीददारी जोरों पर
Deoli News 10 नवम्बर ( दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शुक्रवार को धनतेरस के मौके पर शहर के विभिन्न बाजारों में सीजन की खरीद जोरों पर रही। गुरुवार को हालांकि बाजार आशानुरूप नही रहे, लेकिन शुक्रवार सुबह से शहर के बाजार गुलजार हुए।
इस दौरान दुकानदारों के चेहरों पर रौनक दिखाई दी।
शहर में चौपहिया वाहनों की आवाजाही के चलते आज से शहर के मुख्य बाजारों के मुहानों पर पुलिस ने बेरिकेडिंग की। इससे केवल दुपहिया वाहन चालक ही बाजारों के भीतर तक पहुँच पाए। सुबह से लोगो, महिलाओं की भीड़ नजर आई। इस बार बरसात नही होने के कारण बाजारों में लोगों की भीड़ भले ही नजर आई। लेकिन सालाना सीजन उतना उत्साहजनक नही दिखा।

सर्राफा शोरूम, सोने-चांदी आभूषण विक्रेताओं की दुकानों पर जरूर भीड़ देखी गई। इस दौरान महिलाओं ने सोने-चांदी के जेवरात, सिक्के समेत सामानों की खरीदारी की। बाजारों के दोनों और मिट्टी के दिए, रुई बाती, पोस्टर, चित्र, फल , सजावटी सामानों के ठेलों व दुकानों पर भी लोगो की खरीदारी के लिए भीड़ जुटी। रेडीमेड की दुकानों पर भी लोग, युवक, युवतियां ख़रीदारी करते दिखे। शहर में आतिशबाजी की दुकानों, मिठाइयों की दुकानों पर भी लोग खरीदारी करते नजर आए।
बाइक शोरुमो पर भी आज मुहूर्त के मुताबिक सेंकडो की संख्या में बाइक बिकी। वहीं लोगो ने कार शोरूम पर बुक कराई कारे भी खरीदी। बाइक शोरूम से हर थोड़ी देर में चमचमाती टू व्हीलर निकलती रही।


