कार्यालय का उद्घाटन
Deoli News 10 नवंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर के गौरव पर स्थित स्वर्णकार समाज की धर्मशाला में शुक्रवार सुबह कांग्रेस प्रत्याशी हरिश्चंद्र मीना के प्रधान चुनावी कार्यालय का उद्घाटन हुआ।
इस दौरान विधिवत पूजा अर्चना के साथ कार्यालय का उद्घाटन किया गया। युवक कांग्रेस देवली के अध्यक्ष राहुल बलसोरा ने बताया कि इस मौके पर प्रत्याशी मीना, पालिकाध्यक्ष नेमीचंद जैन, कांग्रेस नेता सुरेंद्र सिंह राणावत, माया सुवालका, रतनलाल हाडा, नगर अध्यक्ष विनोद पुजारी, पालिका उपाध्यक्ष सौरभ जिंदल समेत अतिथियों ने कार्यालय का फीता काटकर उद्घाटन किया।
इस मौके पर मंत्र उच्चारण के साथ कार्यालय की विधिवत शुरुआत हुई। यहां कांग्रेस प्रत्याशी हरिश्चंद्र मीना ने कहा कि बीते 5 वर्षों में कांग्रेस सरकार ने पूरे प्रदेश में अनगिनत विकास के कार्य कराए हैं। उन्होंने भी विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा, चिकित्सा, पेयजल व मूलभूत सुविधाएं जुटाने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। यह विधानसभा के सभी मतदाताओं को अवगत है। उन्होंने कहा कि विकास के बूते पर जनता उन्हें फिर से जीताएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि प्रदेश सरकार के 5 वर्ष के कार्यों को आम जनता बताएं।
इस दौरान कांग्रेस नेता सत्यनारायण सरसड़ी, बेनीप्रसाद टाक, दिनेश जैन, यादराम मीणा, सत्यनारायण बुलिया, शम्मी रंगरेज, बन्नालाल समेत मौजूद थे। इससे पहले कार्यालय भवन पहुंचने पर यूथ कांग्रेस अध्यक्ष राहुल बलसोरा की अगुवाई में युवक कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने मीणा का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया।


