Deoli News 27 मार्च (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) ब्लॉक देवली उच्च माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों की दो दिवसीय सत्रांत वाक् पीठ संगोष्ठी का शुक्रवार को शुभारंभ हुआ। सेवानिवृत्त संयुक्त निदेशक पारसचंद जैन के मुख्य आतिथ्य एवं पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी भंवरलाल कुम्हार के विशिष्ट आतिथ्य में आयोजित इस कार्यक्रम की शुरुआत मां शारदे के पूजन के साथ हुई।
संगोष्ठी सचिव चंद्रप्रकाश माहेश्वरी ने बताया कि मुख्य अतिथि जैन ने सभी संस्था प्रधानों को विभागीय निर्देशों की अक्षरशः पालना करने और विद्यालयों में नए प्रयोगों यानी नवाचारों को अपनाने पर विशेष बल दिया। विशिष्ट अतिथि भंवरलाल कुम्हार ने शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने का आह्वान किया, वहीं अतिरिक्त ब्लॉक शिक्षा अधिकारी प्रधान लाल मीणा ने सभी बालकों को अनिवार्य रूप से विद्यालय में प्रवेश दिलाने की बात कही। अधिशासी अधिकारी सुरेश मीणा ने बच्चों को संस्कारवान शिक्षा प्रदान करने की आवश्यकता जताई। संगोष्ठी के विभिन्न सत्रों में अनुभवी प्रधानाचार्यों ने महत्वपूर्ण विषयों पर अपनी वार्ता प्रस्तुत की। नीरज जैन ने प्रभावी प्रार्थना सभा के संचालन पर मार्गदर्शन दिया।
जबकि दामोदर लाल वर्मा ने संस्था प्रधानों की प्रभावी भूमिका को रेखांकित किया। नासिरदा प्रधानाचार्य भगवान शर्मा ने प्रवेशोत्सव और नामांकन वृद्धि के सार्थक उपाय बताए, तो आवां प्रधानाचार्य गणेश नारायण शर्मा ने प्राथमिक जांच एवं दंडात्मक प्रावधानों की तकनीकी जानकारी साझा की। जबकि पप्पू लाल वर्मा ने छात्र कल्याणकारी योजनाओं और रामसागर मीणा ने बोर्ड परीक्षा परिणाम सुधारने एवं शैक्षिक नवाचारों पर विस्तार से चर्चा की। कार्यक्रम के अंत में संगोष्ठी अध्यक्ष भागचंद जैन ने सभी अतिथियों और संस्था प्रधानों का आभार व्यक्त किया।



