हेल्थ परामर्श एवं आंखों का ऑपरेशन शिविर भी एक सितंबर को
Deoli News 31 अगस्त (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) वेल्टन हॉस्पिटल जयपुर की ओर से 31 अगस्त को देवली में प्रशिक्षित चिकित्सकों द्वारा नि:शुल्क ऑर्थोपेडिक्स चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जाएगा।

इस शिविर का आयोजन शहर के जहाजपुर चुंगी नाका स्थित महेश नर्सिंग होम में होगा। नर्सिंग होम संचालक डॉ. महेश जिंदल ने बताया कि शिविर में डॉ. गणपत चौधरी सभी प्रकार की अस्थि रोग से जुड़ी समस्याओं की नि:शुल्क जांच कर परामर्श देंगे। यह शिविर दोपहर 12 से 2 बजे तक आयोजित होगा। यहां घुटने, रीड की हड्डी, हिप्स आदि से जुड़े हड्डी रोग में अनुभवी चिकित्सकों से परामर्श मिलेगा। रोगी नि:शुल्क चिकित्सा सेवा का लाभ उठा सकते हैं।
नि:शुल्क परामर्श एवं आंखों का ऑपरेशन शिविर एक सितंबर को
टोंक जिला माहेश्वरी सभा, माहेश्वरी समाज देवली, जीवन रेखा सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल जयपुर, माहेश्वरी आई हॉस्पिटल देवली एवं अंकुर ईएनटी हॉस्पिटल के तत्वाधान में रविवार को देवली नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित होगा। माहेश्वरी सभा टोंक के जिला अध्यक्ष सत्यनारायण माहेश्वरी ने बताया कि यह शिविर शहर के जयपुर रोड स्थित इमानुएल स्कूल के पीछे माहेश्वरी भवन में आयोजित होगा। इसमें सुबह 10 से शाम 5 बजे तक नि:शुल्क परामर्श एवं जांच शिविर लगेगा। वहीं 2 सितंबर को सुबह 10 से शाम 5 बजे तक मोतियाबिंद, काला पानी का दूरबीन द्वारा ऑपरेशन किया जाएगा। इसी प्रकार एक सितंबर को ही सुबह 10 से शाम 5 बजे तक रक्तदान शिविर आयोजित होगा।
उक्त हेल्थ कैंप में जीवन रेखा हॉस्पिटल के न्यूरोफिजिशियन डॉ. आशीष गुप्ता, यूरोलॉजिस्ट डॉ. कौशल गोयल व ऑर्थोपेडिक्स (घूटना, कुल्हा, जांघ) जोड़ प्रत्यारोपण स्पेशलिस्ट डॉ. विजय पिलानिया रोगियों की जांच का नि:शुल्क परामर्श देंगे। इसी तरह डॉ. शिवशंकर लाठी नेत्र रोग विशेषज्ञ रोगियों की निःशुल्क जांच कर ऑपरेशन करेंगे। वहीं ईएनटी रोग विशेषज्ञ डॉ. गौरव व्यास भी नि:शुल्क परामर्श देंगे। रोगियों के रजिस्ट्रेशन शिविर स्थल पर ही होंगे। आंखों के ऑपरेशन के लिए रोगियों को आधार कार्ड की कॉपी साथ लाना होगा।



