Deoli News 23 फरवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) आरआर कॉलेज ऑफ वेटरनरी एंड एनिमल साइंस, देवली द्वारा डीन डॉ. आरएस राठौर और निदेशिका नीलू अग्रवाल के नेतृत्व में कुचलवाड़ा स्थित मां बीजासन गौशाला में निःशुल्क पशु चिकित्सा शिविर लगा।
यह शिविर पशुचिकित्सालय संकुल प्रभारी डॉ. भार्गव की देखरेख में हुआ। शिविर के दौरान कुल 20 पशुओं की जांच कर उनका उपचार किया गया। इसमें मुख्य रूप से दुग्ध ज्वर, अपच, बांझपन निवारण, गर्भावस्था जांच, उपापचय विकार और पोषण संबंधी समस्याओं का निदान किया गया। साथ ही पशुओं का टीकाकरण कर कृमिनाशक दवाओं का वितरण भी किया गया। सहायक आचार्य डॉ. हसन ने पशुपालकों को पशुओं से मनुष्यों में फैलने वाले रोगों, स्वच्छता और समुचित पोषण के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
अंतर्राष्ट्रीय मातृभाषा दिवस पर प्रतियोगिता आयोजित
नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (नराकास), टोंक की समीक्षा बैठक के निर्णयानुसार पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय देवली द्वारा अंतर्राष्ट्रीय मातृभाषा दिवस पर विद्यार्थियों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम संयोजिका दीप्ति गुप्ता ने विद्यार्थियों को मातृभाषा के महत्व से अवगत कराया।
वहीं प्राचार्य नवरत्न मित्तल ने विभिन्न मातृभाषाओं में प्रस्तुत की गई कविताओं की सराहना की। प्रतियोगिता के परिणाम में कनिष्ठ वर्ग में प्रथम स्थान पर समृद्धि सिंह (7अ), द्वितीय स्थान पर हिमांशु देथा (7ब) और तृतीय स्थान पर तनिष्ठा भारती (7ब) रहीं। जबकि वरिष्ठ वर्ग: प्रथम स्थान हर्षिता जैन (11अ), द्वितीय स्थान गुंजन मीणा (11अ) और तृतीय स्थान धैर्य कुमार (11ब) ने प्राप्त किया।



