Deoli News 28 नवंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) हनुमान नगर क्षेत्र के मनोहरगढ़ के समीप पुलिया की टूटी सड़क हादसों का सबब बन रही है। ग्रामीण मुकेश भारद्वाज ने बताया कि नेशनल हाईवे 12 को इटुंदा से जोड़ने वाली देवाखेड़ा से इटुंदा जाने वाली सम्पर्क सड़क पर मनोहरगढ़ के समीप पुलिया की सड़क टूट चुकी है।
उक्त सड़क पर कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। देवाखेड़ा से मनोहरगढ़ होते हुए शक्करगढ़ व बिजोलिया तक वाहन यहीं से होकर गुजरते हैं। टूटी हुई सड़क से दुपहिया वाहन तो गुजर जाते हैं। लेकिन चौपहिया और भारी वाहनों को कई किलोमीटर का चक्कर लगाकर जाना पड़ता है, जिससे समय व अतिरिक्त ईंधन की खपत हो रही है। जबकि मनोहरगढ़ में देवनारायण का प्रसिद्ध मंदिर भी है, जहां पर श्रद्धालुओं का आवागमन लगा रहता है। अधिकतर श्रद्धालु दुपहिया वाहन से आते हैं, जो की पुलिया पर टूटी सड़क के दोनों ओर भरे पानी में कभी भी वाहन सहित गिर सकते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि लोगों की मांग पर ईटून्दा से देवाखेड़ा रोड का निर्माण मार्च 2024 में ही हुआ था। रोड के साथ नई पुलिया भी स्वीकृत हुई थी। लेकिन मनमर्जी के चलते पुलिया का निर्माण नहीं करवाया। शीघ्र ही इस समस्या का समाधान नहीं हुआ तो बड़ा हादसा हो सकता है।



