घर में परिजन होने के बावजूद हुई वारदात, चोरों के हौसले बुलंद
Deoli News 12 जून (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) हनुमान नगर थाना क्षेत्र के बरदपुर निवासी दो ग्रामीणों ने उनके घरों में हुई लाखों रुपए के आभूषण व नकदी चोरी की बुधवार को यहां हनुमान नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। हैरानी की बात यह है कि चोरों ने घर में परिजन होने के बावजूद वारदात को अंजाम दे दिया। लिहाजा चोरों के हौसलों का अंदाजा लगाया जा सकता है।
गौरतलब है कि हनुमान नगर थाना क्षेत्र में लगातार वारदात हो रही है। बरदपुरा निवासी भंवरलाल पुत्र सोनाथ ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। दर्ज रिपोर्ट में बताया कि 11 जून की रात प्रार्थी अपने परिवार के साथ घर के आंगन में सो रहा था। इस दौरान चोरों ने मकान का ताला तोड़ा तथा पीछे की ओर से कमरों में प्रवेश किया। चोरों ने यहां अलमारी व बक्से में रखें आधा किलो चांदी की कनकती, आधा किलो चांदी की पायजेब, ढाई सौ ग्राम वजनी चांदी की पायजेब, 100 ग्राम का सरका, दो जोड़ी कोलरिया व 5 हजार रुपए नकद चुराकर ले गए। रिपोर्ट में बताया कि इसी तरह लादूलाल पुत्र कल्याणमल रेगर निवासी बरदपुरा के मकान में भी अज्ञात चोरों ने वारदात की।
चोरों ने यहां से सोने की तीन अंगूठी, तीन से चार चांदी की अंगूठी, दो जोड़ी बच्चे के कड़े, तीन जोड़ी पायल, कानों की झुमकी, चांदी छिलिया, चम्मच, सिक्के एवं 5 हजार रुपए नकद चुरा लिए। इसी तरह चोरों ने 3 से 4 तोले का सोने का हार, चेन, सोने की बाली, चांदी की चूड़ियां, दो जोड़ी सोने की नोज पिन, चांदी के 10 से 12 सिक्के, सोने की झुमकियां, चांदी की पायल समेत लाखों रुपए के सोने, चांदी के आभूषण व नकदी पार कर ली। पुलिस ने मामला दर्ज कर थाने के सहायक उप निरीक्षक को जांच सौपी है।
दो दिन पहले 25 लाख रुपए समेत की हुई थी चोरी
इससे पहले गत सोमवार को दिनदहाड़े ऊंचा निवासी कैलाशचंद सुवालका के मकान में 25 लाख रुपए की नकद चोरी हुई थी। परिवार के लोग बाजार में खरीदारी करने गए थे। पीछे से चोरों ने मकान का ताला तोड़कर बड़ी वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने बक्से में रखें दो सोने की झुमरी, सोने की अंगूठी, तीन चांदी की पायजेब की जोड़ी, चांदी के सिक्के, सोने के टॉप्स, करीब एक किलो चांदी के आभूषण आदि चोरी कर लिए। उक्त 25 लाख रुपए पीड़ित को अपनी जमीन के पेटे प्राप्त हुए थे, जो पीड़ित पिछले दिनों बेची थी। दरअसल पीड़ित कैलाशचंद का अजमेर कोटा बाईपास में मकान का काम भी चल रहा है। इस उद्देश्य से इतनी बड़ी राशि अपने घर में रखी थी। जिसे मौक़ा पाकर चोर चुराकर ले गए।



