सातवीं कावड़ यात्रा, सावन का तीसरा सोमवार
Deoli News 5 अगस्त (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) मां दुर्गा सेवा समिति एवं सर्व हिन्दू समाज द्वारा देवली की ओर से श्रावण मास के तीसरे सोमवार को भव्य कावड़ यात्रा निकाली गई। कांवड़ यात्रा का शहर में कई स्थानों पर पुष्प वर्षा एव अल्पाहार करवा कर स्वागत किया गया।

इससे पहले कांवड़ यात्रा में शामिल कावड़िए बस से बोरड़ा गणेश मंदिर स्थित बनास नदी पर पहुंचे। यहां विधि विधान एवं पूजा अर्चना के साथ कांवड़ में जल भरकर देवली के लिए रवाना हुए। यह यात्रा बगीची के बालाजी स्थित मंदिर में एकत्रित हुई। यहां से पारंपरिक झांझ, मंजीरे, खड़ताल, ढोल, डमरु के संगीतमय माहौल के साथ कावड़ यात्रा रवाना हुई। डमरू की आवाज पर समूचा माहौल शिवमय हो गया। सैकड़ो पुरुषों के साथ महिलाएं व युवक, युवती भी पीछे नहीं रही। वह भी कावड़ में जल भरकर लाई और भगवान शिव का अभिषेक किया। यह यात्रा छतरी चौराहा से पुलिस स्टेशन, बस स्टैंड होते हुए पेट्रोल पंप से कॉलेज के सामने से पटेल नगर में प्रवेश कर सीआईएसएफ के सामने से ममता सर्कल बंगाली कॉलोनी शिव मंदिर पहुंची।
जहां कांवड़ियों द्वारा लाए गए बनास नदी के जल से भोले बाबा का अभिषेक किया गया। कावड़ यात्रा में भगवान शिव व उनके भक्तों की सजीव झांकी साथ चल रही थी। इस दौरान अशोक मंडल, राजू सरकार, निखिल मंडल, महावीर सिंह राठौड़, सत्यनारायण साहू, निखिल विश्वास, विकास सिंह, गोपी सरकार, चमन सरकार, जितेंद्र चौधरी, अशोक दुबे, तेजेंद्र पारीक समेत कई लोग मौजूद रहे। कावड़ यात्रा में शामिल श्रद्धालु नाचते गाते चल रहे थे। वही बम बम भोले व हर हर महादेव के जयकारे गूंज उठे।
“शिव मंत्रो से गूंजे शिवालय”
इधर श्रावण मास के तीसरे सोमवार के चलते देवली समेत आसपास के शिव मंदिरों में भगवान शिव के मंत्र गूंज उठे। खासकर लकड़ेश्वर शिव मंदिर, बीसलपुर महादेव मंदिर, गाडोली स्थित नीलकंठ महादेव मंदिर व बस स्टैंड परिसर स्थित नीलकंठ महादेव मंदिर में शिव भक्तों ने भगवान नीलकंठ का जल, पंचामृत से अभिषेक किया और बिल्वपत्र, फल पुष्प आदि अर्पित किए।



