Deoli News 9 सितंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) देवली में नगर पालिका चुनाव को लेकर इस बार मतगणना की व्यवस्था में बदलाव किया गया है। पिछले चुनावों की परिपाटी से बीसलपुर कॉलोनी के कम्युनिटी हाल से हटकर मतगणना के लिए राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय देवली (हायर सेकेंडरी) कैंपस के पिछले हिस्से में स्ट्रांग रूम बनाया गया है।
रिटर्निंग अधिकारी कार्यालय की सूचना के अनुसार बुधवार शाम मतदान समाप्त होने के बाद सभी ईवीएम मशीनों को कड़ी सुरक्षा के बीच इसी परिसर में सुरक्षित रखा जाएगा। वहीं 14 सितंबर को यहीं ईवीएम खोली जाएंगी और मतगणना की प्रक्रिया पूरी होगी। मतगणना स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए निर्धारित सीमा तय की गई है। आमजन को केवल निर्धारित सीमा तक ही खड़े होने की अनुमति होगी, जबकि इसके आगे के क्षेत्र में पुलिस का सुरक्षा घेरा रहेगा। मतगणना के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों की तैनाती भी की जाएगी। इधर, मतगणना से पहले रिटर्निंग अधिकारी कार्यालय में तैयारियां तेज हो गई हैं। कर्मचारी कंट्रोल रूम में डाटा कलेक्शन, मतगणना संबंधी व्यवस्थाओं और मतगणना एजेंटों के परिचय पत्र तैयार करने सहित अन्य प्रक्रियाओं को पूरा करने में जुटे हैं।
रिटर्निंग अधिकारी कार्यालय के कर्मचारी गिरिराज जोशी, आशीष शर्मा, शैलेंद्र साहू, सुधीर चौधरी, सत्यप्रकाश माहेश्वरी और विनोद चौधरी समेत अन्य कर्मचारी चुनावी प्रक्रिया को दस्तावेजी रूप देने में लगे हुए हैं।


