व्यापार महासंघ की बैठक आयोजित
Deoli News 22 मई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर में व्यापारियों के हितों की रक्षा व सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे व्यापार महासंघ की मंगलवार रात बगीची बालाजी परिसर में बैठक आयोजित हुई। बैठक में मुख्य बिंदु हर माह के अंतिम मंगलवार बाजार बंद करने पर नया निर्णय किया गया।
यह बैठक महासंघ के अध्यक्ष चांदमल जैन की मौजूदगी में शुरू हुई। इसमें अंतिम मंगलवार बंद करने के औचित्य पर चर्चा की गई। महासंघ अध्यक्ष ने बताया कि अंतिम मंगलवार बंद रखने के पीछे उनका यह उद्देश्य था कि हर महीने व्यापारियों को एक अवकाश मिले। लेकिन इसके बावजूद कई व्यापारी उक्त निर्णय की अवहेलना कर रहे है। विचार विमर्श के बाद कई व्यापारियों ने बंद को स्वेच्छिक करने का भी सुझाव दिया। लेकिन बाद में मंगलवार बंद के निर्णय को अग्रिम आदेशों व निर्णयों तक स्थगित कर दिया गया। व्यापार महासंघ अध्यक्ष ने बताया कि 2 साल के प्रयासों से हर महीने अंतिम मंगलवार को व्यापारियों को छुट्टी दी गई। केवल सीजन की वजह से व्यापार खोले गए थे। उल्लेखनीय है कि हर माह अंतिम मंगलवार को बाजार बंद रखने के निर्णय के बावजूद पिछले कुछ माह से दुकान खुलने लगी थी। लिहाजा इसे लेकर व्यापार महासंघ ने यह बैठक की है।
आधा दर्जन मुद्दों पर भी हुई चर्चा
व्यापार महासंघ की बैठक में बंद रखने के निर्णय को लेकर 21 सदस्य की कमेटी बनाए जाने पर विचार विमर्श हुआ। इसके अलावा व्यापार महासंघ के तत्वाधान में ब्लड कैंप लगाने की तिथि तय करने, प्रत्येक दुकानदार से एक यूनिट ब्लड आवश्यक रूप से लेने, आगामी जुलाई, अगस्त माह में व्यापारियों के परिवार सहित एक अथवा दो दिन का धार्मिक स्थल टूर करने, बढ़ती चोरी की वारदातों पर रोकथाम लगाने को लेकर ज्ञापन देने पर बातचीत हुई। इसके अलावा देवली कृषि उपज मंडी के पुराने परिसर को गौण मंडी बनाने पर चर्चा हुई। व्यापारियों का कहना है कि इसके लिए मिलकर प्रयास करना होगा देवली से कृषि मंडी के बाहर चले जाने से यहां का व्यापार प्रभावित हुआ है।
ऐसे में पुराने कृषि उपज मंडी कार्यालय को गौण मंडी बनाई जानी चाहिए। पूर्व में भी इसे लेकर व्यापार महासंघ की ओर से प्रयास हुए थे। बैठक में बेनी प्रसाद टाक, जसवंत सिंह चौहान, कुंदन राजावत, विनोद साहू, अनिल गोयल समेत कई व्यापारी मौजूद थे।


