Deoli News 21 जुलाई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) टोंक जिले समेत देवली के लोगों के लिए आखिर वह खुशी की घड़ी आ गई है। जहां बीसलपुर बांध के गेट पूर्ण जल भराव के बाद एक बार फिर गेट खोलकर पानी की निकासी की जाएगी।
इसे लेकर बीसलपुर परियोजना ने तैयारी शुरू कर दी। सूत्रों के अनुसार मंगलवार सुबह 10 बजे बीसलपुर बांध के गेट खोले जाएंगे। इस दौरान प्रदेश के जल संसाधन मंत्री सुरेश रावत, जिला कलक्टर समेत अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे। बता दे कि बीसलपुर बांध का मौजूदा लेवल दोपहर एक बजे तक आरएल 315.20 मीटर के करीब है। लिहाजा पानी की आवक को देखते हुए परियोजना ने अधिशेष पानी को निकालने के लिए तैयारी शुरू कर दी। गौरतलब है कि यह पहला मौका है, जब बीसलपुर बांध जुलाई महीने में पूर्ण जल भरावकर अधिशेष पानी को निकालेगा। इससे पहले सर्वाधिक बार अगस्त माह में और पिछली बार केवल सितंबर माह में बीसलपुर बांध पूर्ण भराव को प्राप्त हुआ था।
लिहाजा काफी समय से बांध की कैद भुगत रही पानी की लहरे अब मुक्त होगी। पानी की कितनी मात्रा और कौन से गेट के माध्यम से खोली जाएगी। इसका निर्णय मंगलवार को आवक के आधार पर किया जाएगा।


