आधा दर्जन गेट दो-दो मीटर खोले गए, 72120 क्यूसेक पानी की निकासी जारी
Deoli News 5 सितंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) समीप के बीसलपुर बांध से शुक्रवार रात 8 बजे पानी की निकासी पहले के मुकाबले और बढ़ा दी गई है। यहां अभी बांध के 6 गेटों से पानी छोड़ा जा रहा है।
जिससे बनास नदी में 72120 क्यूसेक पानी की निकासी हो रही है। बीसलपुर कंट्रोल रूम की सूचना के अनुसार गेट नंबर 8, 9, 10, 11, 12 और 13 को 2-2 मीटर तक खोला गया है, जिससे प्रत्येक गेट से 12020 क्यूसेक पानी की निकासी हो रही है। इस समय त्रिवेणी का जलस्तर 4.70 मीटर पर बह रही है। ऐसे में बांध में फिर से पानी की बड़ी आवक होगी। जानकारी के मुताबिक बीसलपुर बांध से गत 24 जुलाई से अब तक लगातार पानी की निकासी की जा रही है। बांध से शुक्रवार शाम 7 बजे तक 71.204 टीएमसी पानी डिस्चार्ज हो चुका है। जबकि बांध की कुल क्षमता 38 टीएमसी है। ऐसे में दोगुना क्षमता में महज 5 टीएमसी पानी कम है। लिहाजा बांध से उसकी क्षमता का अब तक करीब दो गुना पानी बनास नदी में छोड़ा जा चुका है। वही त्रिवेणी पर लगातार जलस्तर बढ़ने से अभी यह निकासी आगामी कुछ दिन और जारी रहेगी।



