Deoli News 2 मई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर के एजेंसी एरिया निवासी एक युवक ने अपने स्वामित्व के वाहन को बेचने के बाद खरीददार पर रिफाइनेंस करवा कर किश्त नहीं चुकाने तथा खुर्द बुर्द करने के आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज करवाया है।
प्रार्थी लालाराम बलाई पुत्र कस्तूरचंद निवासी गुर्जर मोहल्ला एजेंसी एरिया देवली ने जरिए इस्तगासा दर्ज कराया है। इसमें बताया कि उसके स्वामित्व, आधिपत्य एवं मालिकाना हक की पिकअप को उसने ओमप्रकाश माली पुत्र मगनाराम निवासी पनवाड का झूंपडा बासलक्ष्मणा तहसील देवली को 18 दिसम्बर 2023 को 7 लाख 50 हजार रुपए में बेचान कर देवली तहसील में इकरारनामा किया। जिसमें खरीददार ने वाहन के सभी असली दस्तावेज ले लिए तथा एक माह में अपने खर्चे पर वाहन नाम करवाने को आश्वस्त किया। आरोप है कि ओमप्रकाश माली ने पिकअप को रिफाइनेंस करवा लिया तथा किश्त नहीं चुकाई। वहीं फाइनेंसर पिकअप मालिक लालाराम को परेशान करने लगा।
पीड़ित ने ओमप्रकाश को किश्त चुकाने तथा वाहन नाम करवाने को कहा तो उसने गाली गलौज करते हुए कहा कि पिकअप बेच दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।


